चांद पर दिखे लाल-नीले रंग के निशान, प्रज्ञान रोवर ने दिखाई अनोखी तस्वीर

चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंड कर चुके चंद्रयान-3 को 15 दिन का वक्त हो चुका है.

विक्रम लैंडर से बाहर निकलकर प्रज्ञान रोवर ने 14 दिनों में चांद की सतह का बारीकी से अध्ययन किया.

इन 14 दिनों के भीतर रोवर ने चांद पर कई महत्वपूर्ण तत्वों की खोज की है. साथ ही दुर्लभ तस्वीरें भी भेजी.

इसरो ने अब प्रज्ञान रोवर द्वारा भेजी लेटेस्ट तस्वीर को नए और अनोखे अंदाज में पेश किया है.

इस तस्वीर में चांद की सतह लाल और नीले रंग की दिख रही है.चांद पर ये निशान कैसे बन गए? चलिए जानते हैं.

इसरो ने 5 सितंबर की शाम X पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें इसरो ने प्रज्ञान रोवर द्वारा भेजी गई 30 अगस्त की तस्वीर को रि-पोस्ट किया है.

इसरो ने यह जानकारी दी कि यह तस्वीर एनाग्लिफ़ स्टीरियो या मल्टी-व्यू छवियों से तीन आयामों में वस्तु या इलाके का एक दृश्य है.

इसरो के मुताबिक, बाईं छवि लाल चैनल में स्थित है, जबकि दाहिनी छवि नीले और हरे चैनल में रखी गई है.

प्रज्ञान रोवर पर लगे इस अत्याधुनिक कैमरे NavCam को LEOS/ISRO द्वारा विकसित किया गया है. इसकी डाटा प्रोसेसिंग इसरो द्वारा की जा रही है.