जल्द ही होगा दिल्ली मेट्रो का विस्तार, 206 किलोमीटर लंबे नेटवर्क में 18 नए कॉरिडोर
दिल्ली मेट्रों भारत का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है जो न केवल दिल्ली में स्थित जगहों को जोड़ता है बल्कि एनसीआर को भी जोड़ता है.
और अब दिल्ली मेट्रो की कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए इसका विस्तार होने वाला है, जिसमें 18 नए कॉरिडोर बनाए जाएंगे.
इस काम को शुरू करने के लिए डीएमआरसी ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को दिल्ली एनसीआर को जोड़ने वाले 18 रूट में से तीन रूट के डीपीआर का ब्यौरा दे दिया है.
दिल्ली मेट्रो ने केंद्र सरकार के मोबिलिटी प्लान के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता से यह प्रस्तावित रूट तैयार किए हैं. जिसमें इस काम को फेज 5 के तहत दो चरणों में बांटा गया है.
मेट्रो फेज 5A में तीन कॉरिडोर का डीपीआर तैयार कर लिया है, जिसके बाद बाकी 15 रूट्स का फेज 5B के तहत निर्माण किया जाएगा.
इस विस्तार योजना व कनेक्टिविटी के हिसाब से घर से 500 मीटर के दायरे में मेट्रो स्टेशन उपलब्ध कराए जाएंगे.
इस मेट्रो फेज का नेवटर्क 206 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें कुल 128 मेट्रो स्टेशन होंगे, जिसकी सूची तैयार कर ली गई है.
यह नेटवर्क एनसीआर में आने वाले पांच शहरों तक विस्तरित होगा. इसमें गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और बहादुरगढ़ का नाम शामिल है.