मुंह में पानी ला देगा स्वाद! नोट करें झटपट बनने वाले 'आम का कुच्चा' की रेसिपी

पारंपरिक आम के अचार को गलने में हफ्तों लग जाते हैं. लेकिन बिहार का मशहूर 'आम का कुच्चा' तुरंत तैयार हो जाता है और खाते ही जुबान पर चटपटा स्वाद छोड़ जाता है.

इसके लिए आपको चाहिए: 500 ग्राम कच्चा आम (कद्दूकस किया), 100 ग्राम हरी मिर्च, 20-25 लहसुन कलियां, सरसों का तेल, नमक, हल्दी, हींग, सौंफ, मेथी, कलौंजी और अजवाइन.

सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धोकर और पोंछकर सुखा लें. इसके बाद आम का छिलका उतारें और उसे मोटे कद्दूकस से अच्छी तरह कस (ग्रेट कर) लें.

हरी मिर्च के डंठल हटाकर उन्हें मिक्सी में हल्का दरदरा पीस लें या कूट लें. साथ ही लहसुन की कलियों को भी बारीक-बारीक काट कर रख लें.

कद्दूकस किए आम और पिसी मिर्च को एक थाली में फैलाकर 1-2 घंटे के लिए धूप या पंखे की हवा में रख दें. नमी सूखने से अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता.

तवे पर सौंफ और मेथी दाने को धीमी आंच पर खुशबू आने तक भून लें. ठंडा होने के बाद इन्हें मिक्सी में दरदरा पीस लें. साथ ही सरसों का पाउडर भी तैयार रखें.

अब एक बड़े बर्तन में कद्दूकस किया आम, मिर्च, लहसुन, भुना मसाला, हल्दी, अजवाइन, कलौंजी, हींग, सरसों पाउडर और नमक को एक साथ डाल दें.

सरसों के तेल को धुआं निकलने तक गर्म करें, फिर ठंडा होने दें. इस तेल को मसाले वाले मिश्रण में डालें और सब कुछ अच्छी तरह मिक्स कर लें.

आपका तीखा-चटपटा कुच्चा तैयार है! इसे कांच के सूखे जार में रखें. तुरंत खाना हो तो फ्रिज में रखें, और लंबे समय तक चलाने के लिए 3-4 दिन धूप दिखाएं.