बिना मैदा, गेहूं के आटे से बनाएं हलवाई जैसी खस्ता कचौड़ी
अगर सेहत और मैदे की वजह से बाहर की कचौड़ी खाने से बचते हैं, तो अब चिंता छोड़िए. सिर्फ गेहूं के आटे से घर पर ही बिल्कुल हलवाई जैसी खस्ता कचौड़ी तैयार होगी.
कचौड़ी को क्रिस्पी बनाने का सबसे बड़ा सीक्रेट है परफेक्ट मोयन. 2 कप आटे में 5 चम्मच देसी घी डालकर दोनों हाथों से तब तक रगड़ें जब तक मुट्ठी न बंधने लगे.
मोयन के बाद सवा कप पानी से एकदम सॉफ्ट आटा गूंथें. इसे 10 मिनट मलें और फिर 20 मिनट के लिए गीले कपड़े से ढककर रेस्ट दें.
पैन में तेल गर्म करके जीरा, कुटा धनिया और हींग चटकाएं. अब इसमें हरी मिर्च के साथ 1 चम्मच बेसन डालकर भूनें. बेसन स्टफिंग की नमी को सोख लेता है जिससे कचौड़ी फटती नहीं.
भुने बेसन में उबले-मैश किए आलू डालें. साथ ही लाल मिर्च, हल्दी, गरम मसाला, अमचूर, सादा नमक, काला नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाकर सूखी और चटपटी स्टफिंग तैयार करें.
रेस्ट के बाद आटे को एक बार फिर मल लें. अब छोटी-छोटी लोइयां तोड़कर उन्हें हाथों से फैलाते हुए कटोरी जैसा आकार दें ताकि मसाला भरने में आसानी हो.
आटे की कटोरी के बीच में आलू की स्टफिंग रखें, किनारों को उठाकर अच्छी तरह बंद कर दें. ऊपर का एक्स्ट्रा आटा हटाकर हथेली से हल्का सा दबा दें.
कढ़ाई में तेल को बहुत हल्का गर्म करें. कचौड़ी डालते वक्त सिर्फ हल्के बुलबुले उठने चाहिए. इसे धीमी आंच पर धीरे-धीरे पकने दें ताकि लेयर्स अच्छी बनें.
जब कचौड़ियां तैरकर ऊपर आ जाएं, तब आंच को थोड़ा बढ़ाकर इन्हें अलट-पलट कर सुनहरा होने तक तल लें. तैयार है आपकी बिना मैदे वाली फूली-फूली क्रिस्पी कचौड़ी.