हीटर चलाकर सोते हैं? हो जाइए सावधान, सेहत को हो सकता है बड़ा नुकसान!
सर्दियां शुरू होते ही ज्यादातर लोग ठंड से बचने के लिए कमरे में हीटर ऑन कर देते हैं. कई लोग तो पूरी रात हीटर चलाकर ही सोते हैं, लेकिन यह आदत आपकी सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है.
हीटर ज्यादा देर चलने पर कमरे की नमी खत्म कर देता है. ऐसी सूखी हवा से त्वचा फट सकती है, होंठ सूख जाते हैं और गले में जलन होने लगती है.
सूखी हवा नाक बंद होने, खांसी बढ़ने और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं भी पैदा कर सकती है. इसलिए हीटर को लगातार चलाना सेहत के लिए ठीक नहीं है.
बंद कमरे में हीटर चलाने से ऑक्सीजन का स्तर घटने लगता है. इससे सिरदर्द, चक्कर आना, थकान और भारीपन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं.
खासकर गैस हीटर या कॉइल हीटर से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस निकल सकती है, जो बेहद जहरीली होती है और गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है.
कमरे में थोड़ी वेंटिलेशन जरूर रखें. खिड़की हल्का सा खुला छोड़ें ताकि ताजी हवा आती-जाती रहे.
कमरे में ह्यूमिडिफायर या फिर पानी से भरा एक कटोरा रख दें. इससे हवा की नमी बनी रहती है और ड्राइनेस नहीं होती.
सोने से पहले हीटर को टाइमर पर सेट करें. इससे वह कुछ घंटों में खुद बंद हो जाएगा और आप रातभर सुरक्षित रहेंगे.
एक्सपर्ट्स के अनुसार इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट या गर्म पानी की बोतल हीटर से ज्यादा सुरक्षित और बेहतर विकल्प हैं. ये हवा नहीं सुखाते और बिजली भी कम खर्च होती है.