घर पर बनाएं हलवाई जैसी कुरकुरी केसर जलेबी

बारिश के मौसम में गरमा-गरम जलेबी मिल जाए, तो मजा दोगुना हो जाता है. आज ही नोट करें हलवाई जैसी कुरकुरी केसर जलेबी की आसान रेसिपी.

इसके लिए आपको 500 ग्राम मैदा, 100 ग्राम बेसन, 150 ग्राम दही, 750 ग्राम चीनी, केसर के धागे, पिस्ता कतरन और तलने के लिए शुद्ध देसी घी लेना है.

एक बड़े बर्तन में मैदा और बेसन मिलाएं. अब इसमें दही और आवश्यकतानुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक गाढ़ा बैटर तैयार कर लें.

तैयार घोल में गांठें नहीं होनी चाहिए. अब इस बर्तन को ढककर 8 से 10 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें, ताकि इसमें अच्छी तरह खमीर उठ जाए.

जलेबी को खास रंग और महक देने के लिए एक छोटी कटोरी में केसर के धागे लें और उसमें 2-3 चम्मच गुनगुना पानी डालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें.

एक बर्तन में चीनी और पानी मिलाकर मीडियम आंच पर उबालें. जब चीनी घुल जाए, तो इसमें भीगा हुआ केसर डाल दें. बिना तार वाली हल्की चाशनी बनते ही गैस बंद कर दें.

खमीर उठे घोल को एक बार फिर अच्छी तरह फेंट लें. अब इसे जलेबी मेकर, सॉस बोतल या छेद वाले मोटे सूती कपड़े में अच्छी तरह भर लें.

कड़ाही में घी गर्म करें. अब घोल को गोल-गोल आकार में घुमाते हुए कड़ाही में डालें और मीडियम आंच पर जलेबियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.

तली हुई जलेबियों को तुरंत गर्म चाशनी में 30-60 सेकंड के लिए डुबोएं. बाहर निकालकर ऊपर से पिस्ता कतरन सजाएं और गरमा-गरम रबड़ी या दूध के साथ मजे से खाएं.