चेहरे पर हो रहे पिंपल्स? कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां
डाइट और स्किन केयर रूटीन सही होने के बाद भी अगर चेहरे पर पिंपल्स कम नहीं हो रहे हैं, तो इसके पीछे आपकी कुछ रोजमर्रा की खराब आदतें हो सकती हैं जो इन्हें और बढ़ा देती हैं.
चेहरे पर पिंपल निकलते ही उसे नाखून से छूने या फोड़ने की आदत छोड़ दें. इससे सूजन और घाव बढ़ सकता है, साथ ही हाथों के बैक्टीरिया संक्रमण को और फैला देते हैं.
बार-बार पिंपल्स को छेड़ने से चेहरे पर गहरे दाग-धब्बे और गड्ढे पड़ने की संभावना बहुत ज्यादा बढ़ जाती है, जिन्हें ठीक करना बाद में बेहद मुश्किल हो जाता है.
अक्सर लोग बालों में तेल लगाकर सो जाते हैं, जो माथे और चेहरे की त्वचा के संपर्क में आता है. इससे पोर्स बंद हो जाते हैं और चेहरे पर बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं.
अगर आप रोज बाइक चलाते हैं या कैप पहनते हैं, तो उन्हें साफ रखना बहुत जरूरी है. इनमें जमा पसीना और बैक्टीरिया त्वचा के संपर्क में आकर पिंपल्स को ट्रिगर करते हैं.
महीनों तक मेकअप ब्रश और ब्यूटी स्पंज को साफ न करने से उनमें ढेरों बैक्टीरिया घर बना लेते हैं. ऐसे गंदे टूल्स चेहरे पर लगाने से त्वचा से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं.
कुछ लोगों को लगता है कि बार-बार चेहरा धोने से पिंपल्स खत्म होंगे, लेकिन इससे स्किन की कुदरती नमी छिन जाती है और ऑयल ग्लैंड्स और ज्यादा तेल बनाने लगती हैं.
दिनभर की धूल-मिट्टी और पॉल्यूशन चेहरे पर जमा हो जाते हैं. अगर आप रात को सोने से पहले चेहरा साफ नहीं करते हैं, तो सुबह उठते ही पिंपल्स की समस्या बढ़ने लगती है.
स्किन केयर प्रोडक्ट्स पर पैसे खर्च करने से पहले अपनी इन छोटी-छोटी आदतों में सुधार करें. थोड़ी सी सावधानी से आप अपने चेहरे को बेदाग और खूबसूरत बना सकते हैं.
त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए अपने इस्तेमाल की चीजों को साफ रखें, दिन में दो बार माइल्ड फेसवॉश से चेहरा धोएं और पिंपल्स को बिल्कुल भी हाथ न लगाएं.