Ayushman Yojana: ये है अब देश का No-1 अस्पताल, लाखों लोगों को हुआ फायदा

रांची के सदर अस्पताल ने आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है. 

वहीं जिला अस्पतालों की श्रेणी में रांची सदर अस्पताल ने देश में पहला और सरकारी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों की कैटेगरी में इस अस्पताल को देशभर में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है. 

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अब तक यहां दो लाख से ज्यादा मरीजों को आयुष्मान कार्ड के जरिए मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा चुकी है. 

पिछले कुछ वर्षों में सदर अस्पताल ने एक अनोखी पहल की, जिसमें आयुष्मान योजना के मरीजों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों के डॉक्टरों की सेवाएं ली गईं.

यह पहल बेहद सफल रही और फिलहाल अस्पताल में 25 से अधिक विशेष डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं. 

यहां हृदय रोग, किडनी संबंधित समस्याएं, नेत्र रोग, हड्डियों की बीमारी और जोड़ प्रत्यारोपण जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध हैं.

इस बड़ी उपलब्धि पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इसे राज्य के लिए गर्व की बात बताया.

वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए राज्य के लिए सम्मानजनक क्षण कहा.