2000 साल पुराने ताबिज में मिला वो 'जादुई' जीव, जो 25 करोड़ साल पहले हो गया था लापता

इतिहास और विज्ञान अक्सर हमें ऐसी हैरतअंगेज चीजें दिखाते हैं, जिन पर भरोसा करना मुश्किल हो जाता है. सदियों से जमीन में दबी कई चीजें हमें पुरानी सभ्यताओं के रहन-सहन और उनके विश्वासों के बारे में बताती हैं. 

हाल ही में स्पेन में एक ऐसी ही खोज हुई, जिसने वैज्ञानिकों को चौंका दिया. वहां पर एक 2000 साल पुराने रोमन ताबीज के अंदर एक ऐसे जीव का जीवाश्म मिला है, जो 25 करोड़ साल पहले ही धरती से खत्म हो चुका था. 

ये खोज सिर्फ एक पुराना चमत्कार नहीं, बल्कि ये भी दिखाता है कि कैसे पुराने रोमन लोग इन खास पत्थरों को जादुई ताकत मानते थे. 

इस रहस्यमय समुद्री जीव का नाम ट्राइलोबाइट (trilobite) है. दुनियाभर में ये पहली बार (World’s First) है जब आर्कियोलॉजिस्ट (पुरातत्वविद) को ऐसा ट्राइलोबाइट जीवाश्म मिला है.

यह दुनिया का पहला सबूत है जो बताता है कि रोमन लोग इस विलुप्त समुद्री जीव को ताबीज में इस्तेमाल करते थे.

यह जीवाश्म उत्तर-पश्चिमी स्पेन के एक पुराने रोमन ठिकाने पर मिला. रिसर्चर्स का मानना है कि रोमन लोग इन खास पत्थरों में जादुई या सुरक्षा करने वाली ताकतें मानते थे, इसलिए इतनी दूर से भी इन्हें लाते थे.

यह जीवाश्म एक कांसे के सिक्के के साथ मिला, जिस पर पहले रोमन सम्राट ऑगस्टस का चेहरा बना था. 

बता दें कि सम्राट ऑगस्टस भी जीवाश्मों को इकट्ठा करने के शौकीन थे, यह खोज इतिहास और विज्ञान के कई राज खोल सकती है.

जीवाश्म के बाहरी रूप को देखकर रिसर्चर्स ने बताया कि ये दक्षिणी सेंट्रल इबेरियन जोन के जीवाश्मों जैसा है जो खोज वाली जगह से करीब 430 किसोमीटर दूर है.

इतनी दूरी से पता चलता है कि पुराने रोमन लोग इन रहस्यनय जीवाश्मों को किसी खास मकसद से दूर-दूर से लाते थे.