कौन हैं मुकेश पटेल? जिन्होंने दान किए हीरे जड़ित सोने-चांदी के आभूषण

अयोध्या राम मंदिर में राम दरबार की अभिजीत मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा हो गई है. इस दौरान सीएम योगी ने राम दरबार का पूजन किया.

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सुबह 11.25 से 11.40 बजे तक चला. रामलला के गर्भगृह के ऊपर यानी फर्स्ट फ्लोर पर राम दरबार बनाया गया है.

जहां गर्भगृह में भगवान राम बालक के रूप में हैं, वहीं रामदरबार में राजा के रूप में विराजमान हैं.

लेकिन इस बीच सूरत के कारोबारी मुकेश पटेल चर्चा का विषय बने हुए है. 

मुकेश पटेल सूरत की ग्रीन लैब डायमंड कंपनी के मालिक हैं. उन्होंने सोना, नीलम और हीरों से जड़े मुकुट को चढ़ाया है जिसकी कीमत 11 करोड़ रुपए है.

विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश नेवादिया ने कहा- दान दिए आभूषणों में एक हजार कैरेट का हीरा, 30 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना, 300 कैरेट रुबी से 11 मुकुट बनाए गए हैं. 

उन्होंने कहा कि 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भी मुकेश पटेल द्वारा दान किए गए मुकुट को रामलला ने धारण किया था. 

इसके अलावा, गले के हार, कानों के कुंडल, माथे का तिलक, धनुष-बाण, गदा, चंवर और तुणीर भी इस दान में शामिल हैं. ये सभी आभूषण विशेष रूप से चार्टर्ड प्लेन से अयोध्या लाए गए और ट्रस्ट को सौंपे गए.

राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर लगभग 350 लोगों को आमंत्रित किया गया, जिनमें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी, साधु-संत और प्रमुख धार्मिक प्रतिनिधि शामिल थे.