Air Hostess Murder Case
Air Hostess Murder Case: महाराष्ट्र के गोंदिया में एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. जिस नितेश अग्रवाल के साथ वर्षा 4 नवंबर को घूमने गई थी, वही इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता निकला. पुलिस के मुताबिक, नितेश ने वर्षा की हत्या कराने के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी थी. इस वारदात को अंजाम देने के लिए शारूख पठान के माध्यम से इमरान करीम शेख और अन्य लोगों को शामिल किया गया था. पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं. पुलिस का कहना है कि जांच में अभी और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं.
जानकारी के मुताबिक, वर्षा तुरकर एयर होस्टेस के रूप में काम करती थी और दिवाली की छुट्टियों में पुणे से अपने माता-पिता के घर गोंदिया आई थी. 4 नवंबर को वह अपने बचपन के दोस्त और प्रेमी नितेश अग्रवाल के साथ बोंडरानी के जंगल घूमने गई थी. इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और वर्षा पर धारदार चाकू से हमला कर दिया. हमले में वह बुरी तरह घायल हो गई. इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि हमलावरों ने वर्षा के साथ मौजूद नितेश पर कोई हमला नहीं किया. इसी बात ने शुरुआत से ही पुलिस के मन में संदेह पैदा कर दिया था.
पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद नितेश ने वर्षा के जीजा को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद वह घायल वर्षा को मध्य प्रदेश के खैरलांजी स्थित ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचा. नितेश ने डॉक्टरों को बताया कि वर्षा का एक्सीडेंट हुआ है. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
नितेश ने पुलिस को यह भी बताया था कि अस्पताल जाते समय बाइक पर सवार कुछ लोग उनका पीछा कर रहे थे. शुरुआत में मामला हमले और हादसे के बीच उलझा रहा, लेकिन घटनास्थल पर नितेश को सुरक्षित छोड़ देना और अस्पताल में एक्सीडेंट की कहानी बताना पुलिस के लिए जांच का अहम आधार बन गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक के रास्ते में लगे करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसी जांच के दौरान इमरान करीम शेख पुलिस के शक के दायरे में आया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान इमरान ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने कथित तौर पर बताया कि वर्षा की हत्या की साजिश नितेश अग्रवाल ने रची थी. इस काम के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी शारूख पठान के माध्यम से दी गई थी. इमरान के खुलासे के बाद पुलिस ने नितेश को मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने रखा है.
पुलिस की शुरुआती जांच और खुलासे के मुताबिक, इस हत्याकांड में कुल छह लोगों की भूमिका सामने आई है. इनमें नितेश अग्रवाल को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है. आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
1. शारूख पठान
2. मोना उर्फ नितेश अग्रवाल
3. इमरान करीम शेख
4. कुणाल श्यामलाल कुंबलकर
5. कृष राउत (फरार)
6. नरेंद्र उर्फ नैनान शेख (फरार)
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कृष राउत और नरेंद्र उर्फ नैनान शेख की तलाश जारी है.
गोंदिया पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के दौरान कुछ और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
इस पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस व्यक्ति के साथ वर्षा जंगल घूमने गई थी, उसी पर उसकी हत्या की साजिश रचने का आरोप है. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, सुपारी की रकम और सभी आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है.
FAA Review: जब बात यात्रियों की जान और देश की कैटेगरी-1 रेटिंग की हो, तो…
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पहाड़ी कोरवा बाहुल्य ग्राम पतरापारा की 108 महिलाएं पीएम मोदी…
सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की उम्र में…
सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम व्यवस्था के तहत 24 नवंबर 2026 को मदुरै की तिरुपरमकुंड्रम पहाड़ी…
Singrauli Murder Case: सिंगरौली में भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन की हत्या के बाद परिजनों ने…
Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने 155.21 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग मामले…