देश

हिंसा के बाद मणिपुर में पीएम मोदी की पहली यात्रा, 8,500 करोड़ की परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) शुक्रवार 13 सितंबर को मणिपुर की धरती पर कदम रखेंगे. यह दौरा खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि मई 2023 में कुकी और मेइती समुदायों के बीच भड़की हिंसा के बाद यह उनकी पहली यात्रा होगी. उस हिंसा में 260 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी और हजारों परिवार अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए थे. ऐसे कठिन हालात के बीच प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य की राजनीति और विकास, दोनों लिहाज़ से अहम माना जा रहा है.

8,500 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन

पीएम मोदी (PM Modi) शुक्रवार को कुल 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ का उद्घाटन करेंगे. इसमें सबसे बड़ा हिस्सा 7,300 करोड़ रुपये का है जिसकी नींव चुराचांदपुर के पीस ग्राउंड से रखी जाएगी. यह इलाका कुकी बहुल माना जाता है. वहीं राजधानी इंफाल से वे 1,200 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

दौरे की अटकलें और आधिकारिक ऐलान

बीते कुछ दिनों से चर्चा थी कि पीएम मोदी (PM Modi) अपने मिजोरम दौरे के दौरान मणिपुर भी आ सकते हैं. लेकिन न सरकार और न ही बीजेपी की तरफ से कोई पुष्टि की गई थी. गुरुवार शाम अचानक इम्फाल शहर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए जिनमें साफ लिखा गया कि प्रधानमंत्री 13 सितंबर को चुराचांदपुर और इंफाल दोनों जगह कार्यक्रम करेंगे. यह घोषणा सामने आते ही लोगों में हलचल बढ़ गई.

राज्य में राष्ट्रपति शासन और सख्त सुरक्षा

फरवरी से ही मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू है. मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इस्तीफा दिया था, जिसके बाद से राज्य प्रशासन सीधे केंद्र के अधीन है. ऐसे में प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने कोई कसर नहीं छोड़ी है. इम्फाल और चुराचांदपुर में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है. जिन रास्तों से प्रधानमंत्री गुजरेंगे, वहां बैरिकेडिंग और चेकिंग की सख्त व्यवस्था है.

आम लोगों के लिए सख्त एडवाइजरी

प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों के लिए कड़े नियम जारी किए हैं. कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति अपने साथ चाबी, बैग, पानी की बोतल, कलम, छाता, माचिस, लाइटर या किसी भी तरह की नुकीली चीज लेकर न आए. यहां तक कि 12 साल से छोटे बच्चों और बीमार व्यक्तियों को भी भीड़भाड़ से दूर रहने की सलाह दी गई है.

लोगों के लिए सौभाग्य की बात- सनाजाओबा

मणिपुर के राज्यसभा सांसद लीशेम्बा सनाजाओबा ने प्रधानमंत्री की यात्रा को ‘सौभाग्य की बात’ बताया है. उनका कहना है कि आज तक किसी प्रधानमंत्री ने इस तरह के कठिन समय में मणिपुर आकर लोगों की बात नहीं सुनी. मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री होंगे जो सीधे हिंसा से प्रभावित जनता तक पहुंचेंगे. उन्होंने अपील की कि लोग इस दौरे का बहिष्कार न करें और पीएम मोदी का स्वागत करें.

इसे भी पढ़ें-राहुल गांधी का ‘हाइड्रोजन बम’ तैयार, 17 सितंबर को वोट चोरी पर बड़ा खुलासा संभव

उम्मीदों का दौर

राज्य की जनता इस यात्रा को उम्मीद की नज़र से देख रही है. पिछले एक साल से लगातार तनाव और असुरक्षा का सामना कर रहे लोग चाहते हैं कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी से हालात बेहतर हों. बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाएं मणिपुर के भविष्य के लिए नई राह खोल सकती हैं. अब सबकी निगाहें शुक्रवार के कार्यक्रमों पर टिकी हैं जहां विकास और भरोसे का नया संदेश देने की तैयारी है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस

Pankaj kumar Pandey

मैं पंकज कुमार पाण्डेय हूं और मूल रूप से बिहार के पश्चिम चंपारण से आता हूं, जो सत्याग्रह की धरती है. मेरी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई चंपारण में ही हुई है. इसके बाद मैंने महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी मोतिहारी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. पढ़ाई पूरी करने के बाद पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की. अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में काम करते हुए खबरों की दुनिया को करीब से समझा हूं. इस दौरान रिपोर्टिंग, कंटेंट लेखन, रिसर्च और समाचार प्रस्तुति से जुड़े अहम पहलू सीखने को मिले. वर्तमान में मैं भारत एक्सप्रेस में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हूं, जहां मेरी विशेष रुचि राजनीति, विदेश और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी खबरों में है. क्योंकि मेरा मानना है कि पत्रकारिता महज एक नौकरी नहीं बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी है.

Recent Posts

कौन है ओलंपियन परगट सिंह, जिनके हाथों में है अब पंजाब कांग्रेस की कमान?

पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रदेश…

7 hours ago

गांधी जयंती पर सीएम फडणवीस ने किया ‘एक्सपीरियंस सेंटर’ का उद्घाटन, देखिए कैसा होगा नया धारावी

गांधी जयंती पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने 'धारावी एक्सपीरियंस सेंटर' का उद्घाटन किया. 22,500 वर्ग…

8 hours ago

भोपाल में 3 अक्टूबर से लगेगी देश की अनोखी पुलिस प्रदर्शनी, गृह मंत्री अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

भोपाल के बीएचईएल मैदान में 3 से 7 अक्टूबर तक नवीन न्याय संहिताओं पर प्रदर्शनी…

8 hours ago

प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर धरने पर बैठा परिवार, 3 महीने से लापता है 16 साल का इकलौता बेटा

Premanand Maharaj Ashram: वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के श्री राधा केली कुंज आश्रम से…

10 hours ago