Actor Anupam Shyam Death
Actor Anupam Shyam Death: अभिनेता अनुपम श्याम ओझा आज भी ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ में निभाए गए किरदार ‘ठाकुर सज्जन सिंह’ को लेकर लोगों के बीच मशहूर हैं. उन्होंने छोटे पर्दे से लेकर फिल्मों तक दमदार आवाज, प्रभावशाली अभिनय और अलग अंदाज की वजह से खास पहचान बनाई. हालांकि, जिंदगी के आखिरी दौर में उन्हें गंभीर बीमारी और आर्थिक परेशानियों का सामना भी करना पड़ा. इसी दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मिली आर्थिक मदद भी काफी चर्चा में रही थी. उन्होंने 8 अगस्त 2021 को दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन उनके काम की सराहना आज भी लोग करते हैं.
अनुपम श्याम का जन्म 20 सितंबर 1957 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हुआ था. उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था. उन्होंने शुरुआती पढ़ाई प्रतापगढ़ में पूरी की. इसके बाद अवध विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की और फिर लखनऊ स्थित भारतेंदु नाट्य अकादमी में थिएटर की पढ़ाई की. यहां उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं. वह प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दिल्ली के श्रीराम सेंटर रंगमंडल से जुड़े और रंगमंच पर लगातार काम किया. उन्होंने थिएटर में अनुभव लेने के बाद सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई का रुख किया.
मुंबई पहुंचने के बाद उनका सफर आसान नहीं था. उन्हें शुरुआत में छोटे-छोटे किरदार मिले. दिलचस्प बात यह है कि उनके फिल्मी करियर की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय फिल्म ‘लिटिल बुद्धा’ से हुई. इसके बाद उन्होंने शेखर कपूर की चर्चित फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ में काम किया. इसके बाद उन्होंने आगे चलकर ‘लगान’, ‘नायक’, ‘शक्ति’, ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’, ‘वांटेड’, ‘हल्ला बोल’ और ‘रक्त चरित्र’ जैसी कई फिल्मों में दमदार मौजूदगी दर्ज कराई. उन्हें अक्सर खलनायक या दबंग किरदार निभाने का मौका मिलता था.
फिल्मों में लंबे समय तक काम करने के बावजूद उन्हें असली पहचान साल 2009 में स्टार प्लस के लोकप्रिय धारावाहिक ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ से मिली. इस सीरियल में उन्होंने ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग उन्हें उनके असली नाम से कम और ‘ठाकुर सज्जन सिंह’ से ज्यादा पहचानने लगे. बाद में उन्होंने ‘प्रतिज्ञा 2’, ‘कृष्णा चली लंदन’, ‘डोली अरमानों की’ समेत कई अन्य टीवी सीरियल्स में भी अभिनय किया.
जिंदगी का आखिरी दौर उनके लिए काफी मुश्किल रहा. वह लंबे समय तक किडनी की गंभीर बीमारी से जूझते रहे और उन्हें नियमित डायलिसिस कराना पड़ता था. इलाज का खर्च बढ़ने से आर्थिक परेशानी भी सामने आई. उस समय उनके भाई ने लोगों से मदद की अपील की थी. बाद में एक इंटरव्यू में खुद अनुपम श्याम ने बताया था कि जब उनकी बीमारी की जानकारी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिली, तो उन्होंने इलाज के लिए 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अस्पताल के खाते में भिजवाई.
अभिनेता ने कहा था कि इसी मदद से उनका इलाज आगे बढ़ सका. उन्होंने बताया था कि सीएम योगी आदित्यनाथ उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते थे और उनके काम की सराहना करते थे.
ये भी पढ़ें- सिनेमाघरों में रिलीज हुई नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’, दर्शकों ने की जमकर तारीफ
इलाज के दौरान कुछ समय के लिए उनकी तबीयत में सुधार भी आया और वे दोबारा काम पर लौटे. उन्होंने ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा 2’ की शूटिंग भी शुरू कर दी थी, लेकिन उनकी सेहत लगातार बिगड़ती रही. इसी बीच, उनका 8 अगस्त 2021 को मुंबई के लाइफलाइन अस्पताल में 63 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन से टीवी और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी.
-भारत एक्सप्रेस
तेलुगु अभिनेता विजय देवरकोंडा को दिल्ली हाई कोर्ट से पर्सनैलिटी राइट्स मामले में अंतरिम राहत…
CJP Protest Jantar Mantar: फरीदाबाद में दिल्ली बार्डर सहित दूसरे जिलों और राज्यों से लगते…
दिल्ली हाई कोर्ट ने अमिताभ बच्चन के पर्सनैलिटी राइट्स मामले में कहा है कि यदि…
आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में छलेसर पुलिस चौकी के पास सार्वजनिक जगह पर शराब पीने…
Ara Businessman Murder: बिहार के भोजपुर जिले के आरा में दिनदहाड़े गोली मारकर एक हार्डवेयर…
Jantar Mantar Protest: कॉकरोच प्रोटेस्ट में सुप्रीम कोर्ट के वकीलों का मार्च, पुलिस ने लिया…