देश

भदोही में गैस को लेकर हाहाकार!1 किलोमीटर तक लगी लंबी कतारें, एजेंसियों पर ‘ईरान-इजरायल युद्ध’ का बहाना बनाने का आरोप

Bhadohi LPG gas crisis: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत ने विकराल रूप ले लिया है. पिछले कई दिनों से कटरा और कोइरौना बाजार की गैस एजेंसियों पर ताला लटका होने के कारण ग्रामीणों का चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है. जैसे ही आज सुबह गैस सिलेंडर से लदे ट्रक के आने की खबर फैली, दोनों केंद्रों पर हजारों की संख्या में नर-नारी उमड़ पड़े.

देखते ही देखते सिलेंडर पाने की जद्दोजहद में एक किलोमीटर से भी लंबी लाइन लग गई. उमस और धूप के बीच घंटों इंतजार कर रहे लोगों का गुस्सा तब सातवें आसमान पर पहुंच गया जब लंबी कतारों के बावजूद आपूर्ति कम पड़ने लगी. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा.

एजेंसियों की ‘मनमानी’ पर फूटा गुस्सा

ग्रामीणों का सबसे बड़ा आरोप गैस एजेंसियों के संचालकों पर है. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जब भी वे गैस मांगने जाते हैं, तो एजेंसी कर्मचारी ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे वैश्विक तनाव और युद्ध का हवाला देकर पल्ला झाड़ लेते हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि युद्ध की आड़ में गैस की कृत्रिम किल्लत पैदा की जा रही है ताकि ऊंचे दामों पर कालाबाजारी की जा सके.

कोइरौना बाजार में लाइन में खड़े एक बुजुर्ग ने कहा कि घर में हफ़्तों से गैस खत्म है, लेकिन एजेंसियां ‘इंटरनेशनल मार्केट’ का बहाना बनाकर हमें परेशान कर रही हैं. इस कथित बहानेबाजी ने ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है, जिससे इलाके में शांति भंग होने का खतरा बढ़ गया है.

चिलचिलाती धूप में बेहाल जनता

भीड़ बेकाबू होते देख मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और कतारों को व्यवस्थित कराया. पुलिस की मौजूदगी में ही सिलेंडरों का वितरण शुरू हो सका, लेकिन मांग के मुकाबले आपूर्ति बेहद कम होने के कारण कई लोगों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा. कोइरौना और कटरा के बाजारों में अफरा-तफरी का आलम यह था कि लोग अपनी बारी आने के इंतजार में सड़क के किनारे ही बैठ गए. स्थानीय प्रशासन का कहना है कि वे आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू करने के लिए तेल कंपनियों से संपर्क में हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को तत्काल राहत मिलती नहीं दिख रही है.

यह भी पढ़ें: मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर क्यों मचा बबाल? गौरक्षकों ने जाम किया दिल्ली-आगरा हाईवे; सीएम योगी ने दिए कठोर कार्रवाई के आदेश!

प्रशासनिक चुप्पी से बढ़ता सियासी पारा

भदोही के इस गैस संकट ने अब राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज कर दी है. विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय प्रशासन और आपूर्ति विभाग की लापरवाही के कारण कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हैं. युद्ध के नाम पर ग्रामीणों को गुमराह करना एक सोची-समझी साजिश है.

वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटों के भीतर गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और एजेंसियों की मनमानी पर लगाम नहीं कसी गई, तो वे तहसील मुख्यालय का घेराव करेंगे. फिलहाल, भदोही के इन ग्रामीण इलाकों में गैस सिलेंडर की तलाश में भटकते लोग शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस

Rohit Agrawal

Recent Posts

IAS-IPS कपल पर गिरी गाज, 40 विला-कॉटेज मामले में सरकार की बड़ी कार्रवाई

Rajasthan News: राजस्थान के चर्चित 40 विला-कॉटेज मामले में IPS अधिकारी प्रशाखा माथुर को APO…

16 minutes ago

दिल्ली से वाराणसी सिर्फ साढ़े 3 घंटे, यूपी को मिलने जा रही बड़ी सौगात, बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मिली मंजूरी

Delhi Varanasi Bullet Train: पीएम मोदी ने दिल्ली-वाराणसी-गुवाहाटी नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी दे…

39 minutes ago

Diwali 2026 Fashion Trends: इस दिवाली ट्रेडिशनल लुक के साथ दिखेगा मॉडर्न स्टाइल का तड़का, जानें क्या है फैशन में खास

Diwali 2026 Fashion Trends: दिवाली 2026 में ट्रेडिशनल आउटफिट्स के साथ मॉडर्न फैशन का कॉम्बिनेशन…

1 hour ago

अरे ये क्या हो गया…! प्रचार में दिन-रात एक किए, पर पर्चा भरना ही भूल गई सरपंच प्रत्याशी

राजस्थान के झालावाड़ जिले में सरपंच पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहीं मनभर…

1 hour ago

‘यूरोप के दिल में लोकतंत्र पर सीधी चोट…!’ पीएम और राष्ट्रपति की जंग में कैसे तमाशा बना पोलैंड?

पोलैंड की संवैधानिक अदालत के मुख्य न्यायाधीश के निलंबन और अदालत परिसर में पुलिस कार्रवाई…

2 hours ago