देश

CWC बैठक में कांग्रेस ने तय की रणनीति, ‘वंदे मातरम’ से लेकर जाति जनगणना तक कई मुद्दों पर मंथन

CWC Meeting Decisions: कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बुधवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अहम बैठक हुई. बैठक में ‘वंदे मातरम’ को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट करने के साथ-साथ पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी, परिसीमन, जाति जनगणना, महिला आरक्षण और दलित सम्मान जैसे कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में देशव्यापी अभियान चलाने की रणनीति भी तैयार की.

‘वंदे मातरम’ पर कांग्रेस ने किया रुख साफ

बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ को लेकर पार्टी के रुख में कोई भ्रम नहीं है. उन्होंने कहा कि CWC में इस मुद्दे पर चर्चा हुई और 1937 में कांग्रेस द्वारा अपनाए गए निर्णय के मुताबिक गीत के केवल दो अंतरे ही गाए जाएंगे. वेणुगोपाल ने कहा कि उस समय सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने तय किया था कि ‘वंदे मातरम’ के केवल दो पद गाए जाएं. उन्होंने 15 अगस्त को हुई घटना को संवाद की कमी बताया और कहा कि पार्टी का रुख पूरी तरह स्पष्ट है.

पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे पर देशव्यापी अभियान

CWC ने पेपर लीक और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया. वेणुगोपाल के मुताबिक, ‘छात्रों की गूंज’ नाम से 800 शहरों और कस्बों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इनमें से कुछ कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वेणुगोपाल ने दावा किया कि संसद का पिछला सत्र विपक्ष के लिए सफल रहा और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार बचाव की मुद्रा में रही.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर प्रदर्शन का ऐलान

बैठक में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. CWC ने प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को इस मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन करने का निर्देश दिया है. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि राम मंदिर का इस्तेमाल लोगों को बांटने के लिए करने वाले लोग अब बेनकाब हो चुके हैं. कांग्रेस इस मुद्दे को जमीनी स्तर तक ले जाने की तैयारी में है.

अरुणाचल और परिसीमन पर भी चर्चा

बैठक में अरुणाचल प्रदेश में चीन की कथित घुसपैठ के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. वहीं, परिसीमन को लेकर कांग्रेस ने अपना रुख दोहराया. पार्टी का कहना है कि सीटों की संख्या 543 पर ही कायम रहनी चाहिए और इसी मौजूदा दायरे में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाना चाहिए. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि अगले 25 वर्षों तक लोकसभा सीटों की संख्या 543 ही रहनी चाहिए और इसी व्यवस्था के भीतर महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए.

खरगे के अपमान पर पीएम मोदी से माफी की मांग

CWC में उत्तराखंड के हल्द्वानी की उस घटना पर भी चर्चा हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के इस्तेमाल किए गए मंच को कथित तौर पर ‘शुद्ध’ किए जाने का मुद्दा उठा था. वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में माफी मांगने की मांग की. उन्होंने इसे दलित सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा पर भी सवाल उठाए.

जाति जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम की मांग

कांग्रेस ने जाति जनगणना को लेकर भी अपना रुख दोहराया है. वेणुगोपाल ने कहा कि जाति जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मांग को स्वीकार नहीं कर रही है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहले ही इस संबंध में पत्र लिख चुके हैं. पार्टी ने तेलंगाना और बिहार के मॉडल का हवाला देते हुए जाति जनगणना में OBC की स्पष्ट गणना की मांग की है.

शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर

बैठक में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और शिक्षा व्यवस्था छात्रहित में प्रभावी ढंग से काम करे. कुल मिलाकर, CWC की बैठक में कांग्रेस ने एक साथ कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी रणनीति स्पष्ट की. पार्टी अब इन मुद्दों को संसद से लेकर सड़क और गांव-कस्बों तक ले जाने की तैयारी में है.

यह भी पढ़ें-तटरक्षक बल को सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार, महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन देने पर सख्त निर्देश

-भारत एक्सप्रेस 

प्रशांत त्यागी, वरिष्ठ संवाददाता दिल्ली

Recent Posts

ग्वालियर में दशहरे पर दिखी सदियों पुरानी परंपरा, शस्त्र पूजन के साथ 745 वीर नागा साधुओं को दी गई श्रद्धांजलि

MP News: ग्वालियर की ऐतिहासिक गंगादास बड़ी शाला में विजयदशमी पर पारंपरिक शस्त्र पूजन का…

8 minutes ago

सावधान दिल्ली! 1 नवंबर से विंटर लॉकडाउन, क्या हैं सरकार की 5 लक्ष्मण रेखा?

Delhi Winter Action Plan: दिल्ली में 1 नवंबर से 28 फरवरी तक सख्त विंटर एक्शन…

30 minutes ago

अमित शाह के पंजाब दौरे से सियासी हलचल तेज, भाजपा ने मान सरकार पर उठाए सवाल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे के बीच राज्य की राजनीति गरमा गई…

1 hour ago

दशहरे पर गरमाई सियासत: अनिल विज के 5 बड़े बयान, बिजली फैसले के खिलाफ कोर्ट जाने का ऐलान

Haryana News: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने विजयादशमी पर विपक्ष पर साधा निशाना.…

1 hour ago

उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा: पार्थिव शिवलिंग पूजन के बाद दिग्विजय सिंह का ‘धर्म की सियासत’ पर करारा हमला

MP Politics: महाकाल की नगरी उज्जैन से अयोध्या तक दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान…

1 hour ago

शीतला माता मंदिर हादसे में बढ़ा मौतों का आंकड़ा, एक और घायल ने तोड़ा दम, 16 हुई मृतकों की संख्या

Sheetla Mata Temple Accident: ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण ट्रक हादसे…

1 hour ago