गोंदिया के जंगल में महिला को गोद डाला
Gondia Murder Case/Abhishek: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है. तिरोड़ा तालुका के बोंडराणी गांव के जंगल में मध्य प्रदेश की 35 वर्षीय वर्षा तुरकर पर धारदार चाकू से कई वार किए गए. आरोप है कि तीन अज्ञात हमलावरों ने पहले महिला और उसके साथ मौजूद युवक से लूटपाट की और फिर वर्षा के पेट पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल वर्षा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. इसके लिए विशेष जांच टीम भी गठित की गई है.
मृतका वर्षा तुरकर मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के वारासिवनी तालुका के किन्ही-नवेगांव की रहने वाली थी. जानकारी के मुताबिक, वर्षा ने 2019 में पुणे के एक युवक से प्रेम विवाह किया था. वह पुणे के धानोरी इलाके में रहती थी और एयर इंडिया कंपनी में लाइन ऑपरेटर के पद पर काम करती थी. पति की इंदौर में बदली होने के कारण वह फिलहाल इंदौर में नौकरी कर रहा है.
दिवाली के मौके पर वर्षा अपनी तीन साल की बेटी के साथ मायके आई हुई थी. बताया जा रहा है कि 14 नवंबर को शाम करीब चार बजे वह बेटी को माता-पिता के पास छोड़कर 41 वर्षीय नितेश उर्फ खम्मू अग्रवाल के साथ कार से तिरोड़ा की ओर निकली थी. नितेश गोंदिया के मनोहर चौक का रहने वाला है.
दोनों अर्जुनी-बोंडराणी के पास वैनगंगा नदी किनारे स्थित श्रीराम मंदिर परिसर के जंगल में पहुंचे. नितेश ने वहां कार खड़ी की और दोनों जंगल में बैठकर बातचीत करने लगे.
नितेश के पुलिस को दिए बयान के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच तीन अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे. आरोप है कि तीनों ने चाकू की नोक पर लूटपाट की और इसके बाद वर्षा के पेट पर धारदार चाकू से कई वार किए. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश के खैरलांजी से वर्षा के परिजन मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल वर्षा को तत्काल खैरलांजी के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती अनुमान के मुताबिक उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी.
वारदात की सूचना मिलते ही दवनीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है.
गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं. फिलहाल तीनों हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है.
ये भी पढ़ें- ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा! पुल से 100 मीटर नीचे पानी में गिरी बस, 8 लोगों की हो गई मौत
इस वारदात ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. तीन साल की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह वारदात सिर्फ लूटपाट के इरादे से की गई थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी थी.
-भारत एक्सप्रेस
Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद के लोनी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान चेन स्नैचिंग का आरोपी दीपक…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित देश के तमाम शीर्ष नेताओं ने विश्व हिंदू परिषद…
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता का एक प्रसिद्ध संस्कृत…
पीएम मोदी ने अपने फिलीपींस दौरे के दूसरे दिन मनीला में 100 साल से अधिक…
Pradeep Yadav Murder Firozabad: उत्तर प्रदेश के एका थाना क्षेत्र में प्रदीप यादव की हत्या…
PM Modi Philippines Visit: पीएम मोदी अपने फिलीपींस दौरे के दूसरे दिन मनीला में 23वें…