देश

‘लव ही तो है, लाइफटाइम थोड़े ही रहेगा…’, स्टेटस लगाने के कुछ घंटों बाद युवक ने खुद को मारी गोली, जानिए क्या है पूरा मामला?

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में 32 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई. घटना बेवर इलाके के काजी टोला मोहल्ले की है. युवक की पहचान मोहम्मद आजम उर्फ शहंशाह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘मिर्जापुर’ के एक डायलॉग से जुड़ा स्टेटस लगाया था. इसके कुछ समय बाद घर के कमरे में गोली चलने की आवाज सुनाई दी. हालांकि, स्टेटस और घटना के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, आजम दिल्ली की एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था. वह कुछ काम से जयपुर गया हुआ था और गुरुवार को ही अपने घर लौटा था. वह अपने ननिहाल में बनवाए गए अलग मकान में परिवार के साथ रहता था.

शुक्रवार को घर में वह अकेला था. उसकी मां माहजमा और दो बहनें रिश्तेदारी में गुरसहायगंज गई हुई थीं, जबकि उसके पिता और भाई जयपुर में थे. दोपहर करीब 12 बजे अचानक उसके कमरे से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी.

आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घर पहुंचे. कमरे में आजम खून से लथपथ हालत में बेड पर पड़ा मिला. पड़ोसी उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बेवर ले गए. वहां से डॉक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया. लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

इंस्टाग्राम स्टेटस की भी हो रही चर्चा

घटना से पहले आजम ने इंस्टाग्राम पर ‘लव ही तो है, लाइफटाइम थोड़े ही रहेगा’ स्टेटस लगाया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसने बेड पर लेटकर अपने सीने के दाईं ओर तमंचा रखकर गोली चलाई थी. हालांकि, इस कदम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

परिजनों ने आजम के पुराने रिश्ते का भी जिक्र किया है. उसके मामा शमशाद अली के मुताबिक, करीब 10 साल पहले आजम का चमनगंज की रहने वाली रुबीना से प्रेम संबंध था. लगभग तीन साल पहले रुबीना की शादी कानपुर के बिल्हौर निवासी अहमद से हो गई थी. परिजनों का दावा है कि शादी के बाद भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी.

परिवार की ओर से यह आरोप भी लगाया गया है कि रुबीना आजम पर 70 हजार रुपये लौटाने के लिए फोन करके दबाव बना रही थी. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि कथित पैसों के विवाद का घटना से कोई संबंध था या नहीं.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और आजम के परिजन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मैनपुरी जिला अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.

बेवर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि युवक के आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा गया आरा, बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रहे कारोबारी के सिर में मारी गोली

-भारत एक्सप्रेस

Shreyansh Choubey

Recent Posts

अंतरराष्ट्रीय प्रयागराज फिल्म फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ, फिल्म संस्कृति और साहित्य के संगम का साक्षी बना प्रयाग; प्रदर्शनी में छाई ‘कवन कसूर’

प्रयागराज में अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. इस दौरान भारत एक्सप्रेस, बनारस…

11 minutes ago

अंडमान-निकोबार में 9 साल बाद फिर शुरू हुआ ‘जनता दर्शन’, उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने सुनीं लोगों की समस्याएं

अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में 9 साल के लंबे अंतराल के बाद 'जनता दर्शन' फिर…

43 minutes ago

यूपी SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त, चुनाव आयोग को दिए जांच के निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए बड़ी संख्या…

54 minutes ago

‘हर अपमान एससी-एसटी एक्ट का अपराध नहीं’, फिरोजाबाद मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हटाईं धाराएं

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फिरोजाबाद के भूरी सिंह को एससी-एसटी एक्ट के आरोपों से मुक्त कर…

2 hours ago

फूल तोड़ते समय फिसला मासूम का पैर, बचाने में पिता की भी गई जान

ग्रेटर नोएडा की महागुन माइवुड्स सोसाइटी में 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और 11 साल…

2 hours ago