देश

Lok Sabha Election 2024: शक्ति’ के लिए जान की बाजी लगा दूंगा: प्रधानमंत्री मोदी

जगतियाल (तेलंगाना): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर मुंबई की रैली से ‘शक्ति’ के विनाश का बिगूल फूंकने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि उनके लिए हर मां-बेटी ‘शक्ति’ का स्वरूप है और वह उनके लिए अपनी जान की बाजी लगा देंगे. तेलंगाना में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में लड़ाई ‘शक्ति के विनाशकों’ और ‘शक्ति के उपासकों’ के बीच है और चार जून को स्पष्ट हो जाएगा कि कौन ‘शक्ति’ का विनाश करने वाला है और किसे ‘शक्ति’ का आशीर्वाद प्राप्त है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समापन के अवसर पर मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित एक रैली में कहा था, ‘‘मुंबई से आज ‘हिंदुस्तान की आवाज़’ निकली है-देश को बांटने का मंसूबा रखने वाली शक्ति, ‘इंडिया’ की शक्ति को कभी नहीं हरा सकती. उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी एक नकारात्मक शक्ति का मुखौटा हैं. वही शक्ति, जिसने हिंदुस्तान की संस्थाओं को गुलाम बना लिया है, वही शक्ति, जो भारत के किसान-मजदूर, युवा-महिला, गरीब और छोटे उद्योगों को निचोड़ कर सब कुछ अपने चंद अरबपति मित्रों पर लुटा देना चाहती है, वही शक्ति, जो देश में आज भ्रष्टाचार की मोनोपोली है. अब इस शक्ति को करारा जवाब देने का वक्त है. इस रैली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल कनक्लूसिव अलायंस’ यानी ‘इंडिया’ के घटक दल के सभी प्रमुख नेता मौजूद थे.

राहुल की इसी टिप्पणी को हथियार बना प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना की रैली में विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा. रैली में पहुंची महिलाओं को संबोधित करते हुए मोदी ने उन्हें शक्ति स्वरूपा कहकर संबोधित किया और कहा कि वे शक्ति का रूप धारण कर उन्हें आशीर्वाद देने आई हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव घोषित होने के बाद रविवार को मुंबई में ‘इंडी’ अलायंस की ‘सबसे महत्वपूर्ण’ रैली थी और उस रैली में उन्होंने अपना घोषणापत्र जाहिर किया.

मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने कहा है कि उनकी लड़ाई ‘शक्ति’ के खिलाफ है. मेरे लिए हर मां-बेटी शक्ति का रूप है. मैं आपकी शक्ति के रूप में पूजा करता हूं. भारत मां का पुजारी हूं. मैं आप शक्ति स्वरूपा सब बहन बेटियों का पुजारी हूं और जिन्होंने कल शिवाजी पार्क में… ‘इंडी’ अलायंस ने अपने घोषणापत्र में शक्ति को खत्म करने के लिए कहा है. मैं इस चुनौती को स्वीकार करता हूं. मैं शक्ति स्वरूपा माताओं-बहनों के लिए जान की बाजी लगा दूंगा… जीवन खपा दूंगा.’’

पीएम मोदी ने सवालिया अंदाज में जनसूह से पूछा कि क्या भारत की धरती पर कोई ‘शक्ति’ के विनाश की बात कर सकता है? और क्या ‘शक्ति’ का विनाश हमें मंजूर है? मोदी ने कहा कि पूरा हिन्दुस्तान ‘शक्ति’ की आराधना करता है और उनकी सरकार ने तो चंद्रयान की सफलता को भी ‘शिव शक्ति’ का नाम दिया. उन्होंने फिर सवालिया लहजे में कहा, ‘‘ये लोग शक्ति के विनाश का बिगूल फूंक रहे हैं. मताताएं-बहनें, शक्ति स्वरूपा आप हैं, क्या ऐसे लोगों को शक्ति का विनाश करने का मौका देंगे क्या? शक्ति का विनाश करने वालों का विनाश होना चाहिए या नहीं होना चाहिए?

मोदी ने कहा, ‘‘इंडी अलांयस ने घोषणापत्र जाहिर किया है। लड़ाई… एक तरफ शक्ति का विनाश करने वाले लोग हैं तो दूसरी तरफ शक्ति की पूजा करने वाले लोग हैं. मुकाबला चार जून को हो जाएगा। कौन शक्ति का विनाश कर सकता है और कौन शक्ति का आशीर्वाद हासिल करता है.’’ इससे पहले, प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के ऐलान के साथ ही दुनिया के सबसे बड़ा लोकतंत्र का उत्सव प्रारंभ हो चुका है और 13 मई को तेलंगाना के लोग नया इतिहास रचने वाले हैं. उन्होंने कहा कि 13 मई को तेलंगाना में होने वाला मतदान ‘विकसित भारत’ के लिए होगा और जब भारत विकसित होगा तो तेलंगाना भी विकसित होगा.

उन्होंने दावा किया, ‘‘तेलंगाना में भाजपा के लिए जन समर्थन लगातार बढ़ रहा है. यहां आया जन सैलाब इसका प्रमाण है. तेलंगाना में भाजपा की लहर, कांग्रेस और बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) का सूपड़ा साफ कर देगी. इसलिए आज पूरा देश कह रहा है. चार जून को चार सौ पार.’’ उन्होंने परिवारवाद के नाम पर एक बार फिर विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि उनका पूरा इतिहास उठाकर देख लीजिये, देश में जितने भी बड़े घोटाले हुये हैं उनके पीछे कोई न कोई परिवारवादी पार्टी ही मिलेगी.

उन्होंने कहा, ‘‘एक ओर वो कांग्रेस पार्टी है, जिसने तेलंगाना के सपनों को कुचला है. दूसरी ओर वो बीआरएस है, जिसने यहां के लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल किया, सत्ता पाई और बाद में जनता से ही विश्वासघात कर दिया. ’’ उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना निर्माण के पहले 10 वर्षों तक बीआरएस ने तेलंगाना को जमकर लूटा और अब कांग्रेस ने तेलंगाना को अपना ‘एटीएम स्टेट’ बना लिया है.

-भारत एक्सप्रेस

Vikash Jha

Recent Posts

महर्षि वाल्मीकि जयंती: श्रीराम, माता शबरी और निषादराज के प्रसंग से पीएम मोदी ने समझाया सामाजिक समरसता का मतलब

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर पीएम मोदी ने रामायण के समरसता और सेवा भाव के संदेश…

19 minutes ago

पीएम मोदी ने याद किए भाई परमानंद के बलिदान, बोले- स्वतंत्रता सेनानी ने वीर भगत सिंह को भी पढ़ाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 नवंबर को भाई परमानंद जी की जयंती पर उनके स्वतंत्रता…

35 minutes ago

काशी को पीएम मोदी की बड़ी सौगात: मिर्जामुराद में गारमेंट फैक्ट्री का किया उद्घाटन, 1000 महिलाओं को मिलेगा रोजगार

Varanasi News: पीएम मोदी ने वाराणसी के मिर्जामुराद में गारमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन किया. 1000…

2 hours ago

मौत के बाद क्या हुआ? 15 मिनट तक क्लिनिकली डेड रहा 19 साल का युवक, न रोशनी दिखी और न भगवान

Near Death Experience Story: ड्रग्स के ओवरडोज के बाद 19 साल के युवक की सांसें…

2 hours ago

दिल्ली पुलिस की बड़ी रेड: करोड़ों के चोरी हुए रिमोट रेडियो यूनिट्स के साथ 3 शातिर गिरफ्तार

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने हर्ष विहार में छापेमारी कर 5 करोड़ कीमत के 161…

2 hours ago

‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठी काशी, पीएम मोदी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

PM Modi Kashi welcome: वाराणसी में पीएम नरेंद्र मोदी के स्वागत में सड़कों पर भारी…

2 hours ago