PM Modi Mann Ki Baat
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में देश के दो खास म्यूजियम की जमकर तारीफ की. उन्होंने बिहार की राजधानी पटना स्थित बिहार म्यूजियम और गुजरात के वडनगर में बने ‘अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम’ का जिक्र करते हुए इन्हें भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का शानदार उदाहरण बताया. पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि जब भी वे किसी नई जगह घूमने जाएं, तो वहां के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और खानपान के साथ-साथ म्यूजियम देखने के लिए भी समय जरूर निकालें. उन्होंने बताया कि बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में नौवां स्थान मिला है, जबकि वडनगर म्यूजियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डिजाइन के क्षेत्र में बड़ा सम्मान हासिल हुआ है.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के म्यूजियम से जुड़ी हालिया खबरें देश के लिए गर्व की बात हैं. पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में नौवां स्थान मिला है. खास बात यह है कि इस सूची में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है. प्रधानमंत्री ने इसकी तुलना दुनिया के मशहूर म्यूजियम से करते हुए कहा कि लोगों ने पेरिस के लूव्र म्यूजियम और न्यूयॉर्क के द मेट म्यूजियम का नाम जरूर सुना होगा. लेकिन बिहार म्यूजियम इस सूची में इन दोनों से भी आगे है. यह उपलब्धि भारतीय इतिहास, कला और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने का प्रमाण है.
पीएम मोदी ने गुजरात के वडनगर में बने ‘अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम’ की भी विशेष रूप से चर्चा की. उन्होंने बताया कि वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण चीजें मिली हैं. जिस स्थान पर यह खुदाई की गई थी, उसी जगह पर इस अनूठे म्यूजियम को विकसित किया गया है. इस म्यूजियम की सबसे खास बात इसका रास्ता है. यहां आने वाले लोग एक ऐसे मार्ग से गुजर सकते हैं, जहां उन्हें जमीन के कई मीटर नीचे हुई पुरातात्विक खुदाई को करीब से देखने का मौका मिलता है. इसके अलावा म्यूजियम में पांच हजार से ज्यादा प्राचीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं. इनके जरिए लोग भारत के हजारों साल पुराने इतिहास और सभ्यता को समझ सकते हैं.
प्रधानमंत्री ने बताया कि इसी महीने बर्लिन में वडनगर म्यूजियम को डिजाइन की दुनिया के प्रतिष्ठित सम्मान ‘रेड डॉट : बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है. खास बात यह है कि यह सम्मान पाने वाला भारत का पहला म्यूजियम बना है. यह उपलब्धि भारतीय विरासत को आधुनिक तकनीक और शानदार डिजाइन के साथ प्रस्तुत करने के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय पहचान देती है.
पीएम मोदी ने वडनगर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यह हजारों वर्षों से जीवंत रहने वाला शहर है, ठीक काशी की तरह. उन्होंने अपने जीवन से जुड़ा संयोग भी साझा किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि वडनगर में उनका जन्म हुआ और काशी से वे सांसद हैं. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले कांची कामकोटि पीठ के पूज्य शंकराचार्य जी भी वडनगर गए थे. उन्होंने वडनगर को ‘गुजरात की काशी’ के रूप में पहचान दी.
अंत में पीएम मोदी ने देशवासियों से आग्रह किया कि यात्रा के दौरान म्यूजियम को भी अपनी घूमने की सूची में शामिल करें, क्योंकि ये सिर्फ पुरानी चीजों को देखने की जगह नहीं, बल्कि देश के इतिहास, संस्कृति और विरासत को करीब से समझने का माध्यम हैं.
भारत एक्सप्रेस
PM Modi: मन की बात के 140वें एपिसोड में पीएम मोदी ने युवाओं को नशे…
PM Modi On Mann Ki Baat: पीएम नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 140वें…
इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया पर 'देसी बैटमैन' के मजेदार AI वीडियो तेजी से वायरल हो…
Rahul Gandhi On MK Stalin: परिसीमन बिल पर राहुल गांधी की अपील के बीच DMK…
8th Pay Pension Calculation: 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों की डेडलाइन नजदीक आ रही है.…
China Unique Dating Trend: चीन के शंघाई समेत कई शहरों में युवाओं के बीच टूटे…