देश

तड़के 4 बजे सीकर में धधके दो ई-व्हीकल शोरूम, 40 वाहन जलकर राख; 3.5 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

Sikar Fire News: जयपुर रोड पर सर्किट हाउस के सामने शनिवार तड़के दो इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बीएस ऑटोमोबाइल और बच्चन मोटर्स के दोनों शोरूम पूरी तरह आग की चपेट में आ गए. शोरूम में खड़ी करीब 40 इलेक्ट्रिक स्कूटी, बाइक, इलेक्ट्रिक ऑटो और ई-रिक्शा जलकर राख हो गए. आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

पहले बीएस ऑटोमोबाइल में लगी आग

गोकुलपुरा थाना अधिकारी राजाराम ने बताया कि घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजे की है. जयपुर रोड स्थित सर्किट हाउस के सामने बीएस ऑटोमोबाइल में सबसे पहले आग लगी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास स्थित बच्चन मोटर्स के शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया. दोनों शोरूम पूरी तरह जल गए. पुलिस के अनुसार दोनों शोरूम भैरोंसिंह शेखावत के बताए जा रहे हैं.

बिजली सप्लाई बंद करवाई, दमकल की पांच गाड़ियां पहुंचीं

आग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बंद करवाई गई. इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई. आग की भयावह स्थिति को देखते हुए दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया. इस दौरान पुलिस ने आग बुझाने में परेशानी न हो, इसके लिए जयपुर रोड की एक तरफ वाहनों की आवाजाही भी रोक दी.

हुंडई के ऑटो पार्ट्स शोरूम तक पहुंची लपटें

आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी लपटें पास स्थित हुंडई के ऑटो पार्ट्स शोरूम तक भी पहुंच गईं. यहां रखे स्पेयर पार्ट्स, एयर कंडीशनर सहित लाखों रुपए का सामान जल गया. दमकलकर्मियों ने समय रहते आग को आगे फैलने से रोक लिया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को बड़ी क्षति होने से बचाया जा सका.

यह भी पढ़ें: 3 साल के मासूम को पुल पर अकेला छोड़ गोदावरी में कूदे माता-पिता, स्कूटर से लिपटकर रातभर रोता रहा बच्चा

3.5 करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान

SHO राजाराम लेघा के अनुसार बीएस ऑटोमोबाइल में इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक, जबकि बच्चन मोटर्स में इलेक्ट्रिक ऑटो और ई-रिक्शा रखे हुए थे. दोनों शोरूम में करीब 40 इलेक्ट्रिक वाहन होने की जानकारी सामने आई है. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से 3.5 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है. पुलिस ने प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना है. हालांकि आग की वास्तविक वजह और नुकसान का सटीक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.

Swati Pandey

Recent Posts

LG डॉ. दिनेश शर्मा का अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर दौरा: हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बसों का शुभारंभ, दिए ये बड़े तोहफे

Lieutenant Governor Swaraj Dweep visit: उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा के स्वराजद्वीप दौरे पर मिलीं कई…

5 hours ago

पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे को मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक, राज्यपाल ने किया सम्मानित

Vinoy Kumar Choubey Presidents Police Medal: पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस कमिश्नर IPS विनय कुमार चौबे को विशिष्ट…

5 hours ago