देश

यमुना को कौन बना रहा जहरीला? 22 से ज्यादा नाले डाल रहे गंदगी, STP की बदहाली ने बढ़ाई मुश्किल, पढ़ें-Explainer

Yamuna Pollution: दिल्ली में यमुना की सफाई को लेकर दावे तो लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन छठ के दौरान नदी में दिखाई दिए सफेद झाग ने एक बार फिर इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घाटों पर लोग आस्था के साथ अर्घ्य दे रहे थे और पानी की सतह पर झाग तैर रहा था. सवाल यह है कि आखिर दिल्ली की यमुना का पानी साफ क्यों नहीं हो पा रहा है? क्या वजह सिर्फ नालों का गंदा पानी है या सफाई के लिए बने सिस्टम में भी बड़ी खामियां हैं?

भारत एक्सप्रेस की टीम ने अपनी विशेष रिपोर्ट में इसी सवाल की पड़ताल की. रिपोर्ट में पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. सौरभ कुमार झा और ग्राउंड रिपोर्टर आदित्य ने यमुना की मौजूदा स्थिति, प्रदूषण की वजहों और सफाई के सरकारी दावों को समझाया.

यमुना में सफेद झाग आखिर बनता कैसे है?

यमुना में दिखाई देने वाला सफेद झाग कोई सामान्य या प्राकृतिक घटना नहीं है. पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. सौरभ कुमार झा के मुताबिक इसकी बड़ी वजह बिना ट्रीट किया गया सीवेज, औद्योगिक कचरा और घरों में इस्तेमाल होने वाले डिटर्जेंट हैं. इनसे निकलने वाले फास्फेट, अमोनिया और दूसरे केमिकल पानी में मिलकर झाग बनाते हैं.

विशेषज्ञ ने बताया कि 22 से ज्यादा नालों का गंदा पानी सीधे यमुना में पहुंच रहा है. उनके मुताबिक दिल्ली में रोजाना करीब 3,600 एमएलडी सीवेज पैदा होता है, जिसमें से लगभग 700 एमएलडी पानी बिना ट्रीटमेंट के नदी में जा रहा है. यही गंदगी यमुना के प्रदूषण की बड़ी वजह बन रही है.

STP हैं, लेकिन सभी ठीक से काम नहीं कर रहे

सीवेज को साफ करने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी STP लगाए गए हैं. लेकिन समस्या यह है कि इनकी क्षमता और काम करने की स्थिति दोनों पर सवाल हैं. रिपोर्ट में बताया गया कि दिल्ली में करीब 37 STP हैं, जिनमें से लगभग 25 ही काम कर रहे हैं.

ग्राउंड रिपोर्टर आदित्य के मुताबिक दिल्ली में ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 814 एमजीडी बताई गई है, जबकि करीब 742 एमजीडी सीवेज ही ट्रीट हो पा रहा है. ऐसे में सवाल उठता है कि जब सीवेज को साफ करने का सिस्टम मौजूद है तो गंदा पानी नदी में कैसे पहुंच रहा है?

डॉ. सौरभ कुमार झा का कहना है कि सिर्फ प्लांट बना देने से समस्या हल नहीं होगी. यह भी देखना होगा कि वे सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं. उनके मुताबिक, STP पर BOD, COD, DO और TSS जैसे पैमानों की रियल टाइम मॉनिटरिंग होनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि पानी कितना साफ होकर बाहर निकल रहा है.

सफाई के दावों और यमुना की हालत में कितना अंतर?

दिल्ली में यमुना की सफाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है. बीजेपी और आम आदमी पार्टी एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सफाई अभियान में शामिल हुईं. वहीं सांसद मनोज तिवारी ने मुनक नहर के पास पानी में डुबकी लगाकर यमुना के साफ होने का संदेश देने की कोशिश की. मनोज तिवारी का कहना है कि यमुना 60 फीसदी साफ हो चुकी है और बाकी 40 फीसदी हिस्से पर काम जारी है.

लेकिन विशेषज्ञ का सवाल है कि यमुना के 60 फीसदी साफ होने का दावा किस पैमाने पर किया जा रहा है? जब तक पानी की गुणवत्ता की जांच और उसके नतीजे सामने नहीं आएंगे, तब तक ऐसे दावों का आकलन करना मुश्किल है.

कालिंदी कुंज में भारत एक्सप्रेस की टीम को क्या दिखा ?

भारत एक्सप्रेस के ग्राउंड रिपोर्टर आदित्य ने कालिंदी कुंज से यमुना की स्थिति दिखाई. रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की सीमा की तरफ यमुना का बहाव लगभग न के बराबर दिखाई दे रहा था. ओखला बैराज के पास जल बोर्ड की नाव से पानी पर केमिकल का छिड़काव भी किया जा रहा था. रिपोर्ट में बताया गया कि छिड़काव वाले इलाके में झाग दिखाई नहीं दे रहा था.

आदित्य ने यह सवाल भी उठाया कि क्या सिर्फ छठ के आसपास सफाई और पानी की जांच की गतिविधियां तेज होती हैं? रिपोर्ट के मुताबिक, मौके पर पानी के सैंपल लेने के लिए अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे. लेकिन नदी की हालत सुधारने के लिए सालभर लगातार काम होना जरूरी है.

RTI और रिसर्च ने भी बढ़ाई चिंता

रिपोर्ट में दिल्ली विश्वविद्यालय की रिसर्च का हवाला देते हुए यमुना के पानी में माइक्रोप्लास्टिक के 289 कण और 36 खतरनाक केमिकल मिलने की बात कही गई. वहीं, RTI से सामने आई जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के चार बड़े नालों से भी गंदा पानी यमुना तक पहुंच रहा है. यानी प्रदूषण की समस्या सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है. इसमें आसपास के इलाकों से आने वाला गंदा पानी भी शामिल है.

सुप्रीम कोर्ट भी यमुना के प्रदूषण पर अधिकारियों को फटकार लगा चुका है. अदालत ने STP और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी इकाइयों की रियल टाइम निगरानी करने को कहा है.

पैसा खर्च होने के बाद भी सफाई क्यों नहीं?

नमामि गंगे योजना के तहत यमुना की सफाई पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किया जा चुका है. इसके बावजूद नदी की हालत में बड़ा बदलाव नजर नहीं आ रहा. डॉ. सौरभ कुमार झा के मुताबिक, बजट आवंटित करना ही काफी नहीं है. जिन अधिकारियों और विभागों को सफाई की जिम्मेदारी दी गई है उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए.

यमुना के प्रदूषण का असर सिर्फ नदी तक सीमित नहीं रहता. विशेषज्ञ डॉ. सौरभ कुमार झा ने चेतावनी दी है कि दूषित पानी से त्वचा संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. पानी में आर्सेनिक की अधिक मात्रा भी स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है.

ये भी पढ़ें- सीएम योगी की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस

यमुना की सफाई के लिए योजनाएं बन रही हैं, बजट खर्च हो रहा है और राजनीतिक दावे भी किए जा रहे हैं. लेकिन जब तक नालों का गंदा पानी नदी में गिरना बंद नहीं होगा, STP ठीक से काम नहीं करेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक यमुना की तस्वीर बदलना मुश्किल है. असली सवाल यही है कि सफाई के दावों से आगे बढ़कर जमीन पर काम कब दिखाई देगा?

-भारत एक्सप्रेस

Govind Kumar Singh

गोविंद सिंह बिहार के कैमूर जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज से हासिल की और पटना कॉलेज, पटना से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और ईटीवी भारत, इनशॉर्ट्स और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन जैसे संस्थानों में काम करते हुए समाचार लेखन, कंटेंट एडिटिंग, रिसर्च और न्यूज प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया। फिलहाल वह भारत एक्सप्रेस में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्रकारिता का प्रमुख फोकस विदेश नीति, राष्ट्रीय राजनीति और बिहार से जुड़े मुद्दों पर है।

Recent Posts

सिंगरौली में भूपेंद्र सिंह राजन की हत्या के बाद बवाल, पुलिस ने आधी रात को प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा; कई नेता हिरासत

Singrauli Murder Case: सिंगरौली में भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन की हत्या के बाद परिजनों ने…

3 minutes ago

155 करोड़ बैंक फ्रॉड केस: रमन सिंगला की जमानत में दखल से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, रजिस्ट्री से मांगा जवाब

Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने 155.21 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग मामले…

5 minutes ago

UP Politics: रालोद से चर्चा करेंगे CM योगी, जानें सुभासपा, अपना दल और निषाद पार्टी के लिए किसे मिला जिम्मा

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बीजेपी ने एनडीए…

20 minutes ago

बृजभूषण शरण सिंह केस: महिला पहलवानों की अपील पर सेशन कोर्ट में सुनवाई, जवाब दाखिल करने का अंतिम मौका

Women Wrestlers Case: महिला पहलवानों द्वारा दायर यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह और…

42 minutes ago

आखिर 3700 करोड़ के Vuenow घोटाले में क्यों तलब किए गए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर? जानें पूरा मामला

ED Investigation: पंजाब से राज्यसभा के मनोनीत सांसद सतनाम सिंह संधू को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)…

52 minutes ago

नाराजगी के बावजूद क्यों नहीं छीनी गई अंतरिम राहत? अभिषेक बनर्जी केस में हाईकोर्ट ने बताई वजह

Calcutta High Court: टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को कोलकाता हाई कोर्ट से मिली अंतरिम राहत…

1 hour ago