AI IMAGE
Aaj ka Mausam: मई का महीना आधा बीत चुका है और इस समय देश का मौसम किसी रोलरकोस्टर राइड जैसा हो गया है. एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के लोग सूरज की तपिश और झुलसाने वाली गर्म हवाओं से बेहाल हैं, वहीं दूसरी तरफ प्री-मानसून की एक्टिविटी इतनी तगड़ी है कि देश के 19 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम का ये दोहरा रूप लोगों के लिए बड़ी आफत बन रहा है क्योंकि जहां दिन में भयंकर लू चल रही है, वहीं शाम होते ही धूलभरी आंधी और आसमानी बिजली डरा रही है.
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वालों के लिए आज यानी 17 मई का दिन काफी भारी रहने वाला है. मौसम विभाग की मानें तो आज दिल्ली-NCR में पारा चढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है. दिन के समय आसमान साफ रहेगा और गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसाएंगे, लेकिन कहानी यहां खत्म नहीं होती. शाम होते-होते मौसम करवट ले सकता है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही धूलभरी तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने की पूरी आशंका है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है, इसलिए शाम को घर से बाहर निकलते समय थोड़ी सावधानी जरूर बरतें.
उत्तर प्रदेश में इस समय मौसम का सबसे खतरनाक रूप देखने को मिल रहा है. एक तरफ बुंदेलखंड का बांदा 44.8 डिग्री तापमान के साथ भट्टी की तरह तप रहा है, तो दूसरी तरफ मौसम विभाग ने राज्य में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी आंधी चलने की चेतावनी दी है.
लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बरेली, बदायूं, हरदोई और जालौन समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी और वज्रपात का अलर्ट है. इसके साथ ही प्रयागराज, झांसी, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, हमीरपुर और महोबा जैसे जिलों में भीषण लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर न निकलने की अपील की है. हालांकि, राहत की बात ये है कि 20 मई से उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा.
वहीं, पड़ोसी राज्य बिहार में भी मौसम का मिजाज बेहद अस्थिर है. पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, कटिहार और बेगूसराय में धूलभरी आंधी के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने का बड़ा खतरा मंडरा रहा है. झारखंड में भी प्री-मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिसके चलते रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी.
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप अपने चरम पर है, जहां फलोदी में तापमान 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है. जयपुर, कोटा, बाड़मेर और जैसलमेर में भी हालात जुदा नहीं हैं. हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में जहां लू का कहर जारी रहेगा, वहीं पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल और हल्की बूंदाबांदी से शाम को थोड़ी राहत मिल सकती है.
वहीं, मध्य प्रदेश की बात करें तो भोपाल, ग्वालियर, खजुराहो और रीवा जैसे शहरों में हीटवेव का असर लगातार बढ़ रहा है. धूप इतनी तीखी है कि दोपहर में सड़कें सूनी हो रही हैं, हालांकि राज्य के दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्के बादल छाने की संभावना है.
पंजाब और हरियाणा में फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है. चंडीगढ़, पटियाला, मोहाली, हिसार और रोहतक में गर्म और शुष्क हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं. मौसम विभाग ने पंजाब में 20 मई तक लू की स्थिति को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. दोपहर के वक्त धूप और गर्मी इतनी भीषण है कि लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं. किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे इस तपती गर्मी में अपनी फसलों का विशेष ध्यान रखें.
मैदानी इलाकों के उलट, पहाड़ों पर मौसम काफी मेहरबान है. हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मौसम ठंडा हो गया है. उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है. जम्मू-कश्मीर के घाटी क्षेत्रों और श्रीनगर में बारिश और बर्फबारी से मौसम सुहावना बना हुआ है, जबकि इसके जम्मू क्षेत्र में अभी भी मैदानी इलाकों जैसी गर्मी पड़ रही है.
देश के अन्य बड़े शहरों की बात करें तो मुंबई और चेन्नई में उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों का पसीना छुड़ा रही है. मुंबई में पारा 35 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि चेन्नई में ये 36 डिग्री तक जा सकता है. बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है.
इस बीच सबसे बड़ी और राहत भरी खबर मानसून को लेकर आ रही है. दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और ये अंडमान सागर, संपूर्ण निकोबार द्वीप समूह और श्री विजयपुरम सहित अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों में इसके बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं. केरल में इस बार मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है. अगर इसकी रफ्तार ऐसी ही रही, तो उत्तर प्रदेश में 18 जून और लखनऊ में 23 जून के आसपास मानसून की पहली बारिश हो सकती है. हालांकि, अल नीनो के प्रभाव के कारण इस साल देश में सामान्य से थोड़ी कम बारिश का अनुमान भी जताया गया है.
ये भी पढ़ें: सम्राट चौधरी के पीछे नीतीश का हाथ! ललन सिंह के बयान के बाद बिहार में नेतृत्व की जंग पर उठे सवाल
-भारत एक्सप्रेस
Amit Shah: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा…
लोकप्रिय टीवी एक्टर करण पटेल का रियलिटी शो ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ से…
PM Modi 25 Years: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र…
Meghnad Saha: मेघनाद साहा को सबसे बड़े खगोल विज्ञानी के रूप में जाना जाता है.…
Weather Update Today: IMD ने 7 अक्टूबर को दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और…
France Student Protests: फ्रांस में स्कूलों में सुधार सहित कई मांगों को लेकर शुरू हुआ…