Zakir Naik IRF Ban Extended: देश की आंतरिक सुरक्षा, सांप्रदायिक सौहार्द और कट्टरपंथ के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाले गृह मंत्रालय ने एक और बड़ा और सख्त कदम उठाया है. केंद्र सरकार ने भगोड़े इस्लामी उपदेशक डॉ. जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर लगे प्रतिबंध को अगले पांच वर्षों के लिए और बढ़ा दिया है. शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को ‘गजट ऑफ इंडिया’ में प्रकाशित एक आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से गृह मंत्रालय ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) की धारा 3 के तहत IRF को ‘गैरकानूनी संगठन’ घोषित किया है.
अधिसूचना में सरकार ने स्पष्ट किया है कि डॉ. जाकिर नाइक अपने भड़काऊ भाषणों के जरिए विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच नफरत फैला रहे हैं और भारत तथा विदेशों में युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसा रहे हैं.
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी गजट अधिसूचना के अनुसार, IRF पर लागू पांच साल के मौजूदा प्रतिबंध की अवधि 14 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाली थी. मियाद खत्म होने से ठीक एक दिन पहले गृह मंत्रालय ने यूएपीए की धारा 3 की उपधाराओं (1) और (3) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए इस प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से अगले पांच वर्षों के लिए विस्तारित कर दिया है.
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने सबसे पहले 17 नवंबर 2016 को और उसके बाद 15 नवंबर 2021 को अधिसूचना जारी कर इस संगठन को गैरकानूनी घोषित किया था. सरकार के इन दोनों फैसलों पर बाद में यूएपीए ट्रिब्यूनल ने भी अपनी मुहर लगाई थी.
गृह मंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया है कि IRF और इसके संस्थापक व अध्यक्ष डॉ. जाकिर अब्दुल करीम नाइक अपने अनुयायियों को विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच दुश्मनी, नफरत और वैमनस्य फैलाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. केंद्र सरकार ने इस प्रतिबंध के पीछे तीन प्रमुख आधार स्पष्ट किए हैं.
गृह मंत्रालय ने अपनी अधिसूचना में सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि IRF की इन राष्ट्र-विरोधी और गैरकानूनी गतिविधियों पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया गया, तो यह संगठन अपनी खतरनाक गतिविधियों को फिर से तेज कर देगा और अपने उन सदस्यों को दोबारा एकजुट कर लेगा जो वर्तमान में फरार चल रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बिहार के वैशाली में खौफनाक कांड..! बेटे की जमीन बेचने की सनक ने उजाड़ा पूरा परिवार, मासूम समेत 3 की मौत
मंत्रालय के अनुसार, यह संगठन देश में सांप्रदायिक तनाव भड़काकर भारत के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को नुकसान पहुंचा सकता है. इसके अतिरिक्त, राष्ट्र-विरोधी भावनाएं भड़काने और चरमपंथ का समर्थन कर अलगाववाद को बढ़ावा देने की आशंका के मद्देनजर राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए यह प्रतिबंध अत्यंत आवश्यक था.
Chhath Puja 2026: छठ पूजा में ठेकुआ और कसार के साथ गुड़ के पुए भी…
Anjanari Bridge Accident: लग्जरी बस गोवा की ओर जा रही थी. इसी दौरान अंजणारी ब्रिज…
PUBG Mobile Flash को ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किए जाने का दावा किया गया है.…
PM Modi Chhath Puja: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर…
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुभाषित साझा किया है.…
बिहार के वैशाली जिले के प्रेमराज गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक ही परिवार…