देश

इश्क का खूनी खेल! पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने वाली पत्नी ही निकली आरोपी, प्रेमी संग गंगा में फेंका शव

Begusarai Husband Murder Case: बिहार के बेगूसराय से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है. जिस पत्नी ने अपने पति के लापता होने की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई थी, उसी पर अब प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, कथित प्रेमी ने पति की गला घोंटकर हत्या की और शव को सिमरिया स्थित पुराने पुल से गंगा नदी में फेंक दिया. इस पूरे हत्याकांड का खुलासा भी बेहद चौंकाने वाले तरीके से हुआ. पुलिस चोरी हुए ट्रैक्टर की जांच कर रही थी और इसी दौरान पति की गुमशुदगी के पीछे छिपी हत्या की कहानी सामने आ गई. पुलिस ने मृतक की पत्नी डोली और उसके कथित प्रेमी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. हालांकि, कई दिन बीतने के बाद भी मृतक धीरज राय का शव बरामद नहीं हुआ है.

14 अक्टूबर को घर से निकले थे धीरज, फिर नहीं लौटे

पूरा मामला बेगूसराय के गढ़हरा थाना क्षेत्र के बारो रामपुर टोला का है. यहां रहने वाले धीरज कुमार राय 14 अक्टूबर 2026 की शाम घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. अगले दिन उनकी पत्नी डोली ने गढ़हरा थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई. इस शिकायत में रामदीरी निवासी मुकेश कुमार पर आर्थिक लेन-देन के विवाद में धीरज को गायब करने की आशंका जताई गई थी. पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन शुरुआती दौर में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण मुकेश को न्यायालय से जमानत मिल गई.

चोरी हुए ट्रैक्टर ने खोला हत्या का राज

धीरज के परिजनों को लगातार मुकेश पर शक था. परिवार का आरोप था कि डोली के नाम पर खरीदा गया ट्रैक्टर मुकेश वापस नहीं कर रहा है. इसके बाद 14 नवंबर को ट्रैक्टर से जुड़े मामले में उसके खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज कराई गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश को ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान पुलिस को धीरज की गुमशुदगी से जुड़े अहम सुराग मिले और कथित हत्याकांड का खुलासा हुआ.

फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती, फिर पति को रास्ते से हटाने की साजिश

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुकेश ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी डोली से फेसबुक के जरिए जान-पहचान हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए. बताया जाता है कि धीरज के ड्यूटी पर रहने के दौरान मुकेश का घर आना-जाना भी शुरू हो गया था. आसपास के लोग सवाल करते तो डोली उसे अपना मौसेरा भाई बताती थी. पुलिस का कहना है कि धीरज इस रिश्ते का विरोध करता था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी. आरोप है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने मिलकर धीरज की हत्या की योजना बनाई.

मोबाइल चार्जर से गला घोंटकर हत्या, गंगा में फेंका शव

पुलिस पूछताछ में मुकेश ने कथित तौर पर बताया कि वह धीरज को अपनी कार में बैठाकर ले गया था. इसके बाद कार के अंदर मोबाइल चार्जर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. वारदात के बाद शव को सिमरिया स्थित पुराने पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया. मुकेश ने कथित तौर पर बाद में नए मोबाइल सिम पर डोली को हत्या की जानकारी भी दी थी. पुलिस अब शव की तलाश में जुटी है.

फैक्ट्री और ट्रैक्टर के नाम पर लिया गया था कर्ज

इस मामले में आर्थिक लेन-देन का पहलू भी सामने आया है. पुलिस की जांच के अनुसार, मुकेश ने धीरज और डोली को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का सपना दिखाया था. पत्तल बनाने की फैक्ट्री शुरू कराने के नाम पर लोगों से कर्ज दिलवाया गया. मृतक के भाई विकास राय के मुताबिक, फैक्ट्री लगाने के लिए परिवार की जमीन तक बैंक में गिरवी रखवाई गई थी. बाद में ठेकेदारी में ट्रैक्टर लगाकर कमाई करने की बात कहकर डोली के नाम पर ट्रैक्टर खरीदा गया. इसी ट्रैक्टर को लेकर हुए विवाद की जांच ने हत्या का मामला उजागर कर दिया.

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

इस पूरे मामले का सबसे दर्दनाक पहलू धीरज के दो मासूम बच्चों का भविष्य है. पिता की मौत और मां की गिरफ्तारी के बाद दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है. फिलहाल दोनों बच्चे परिवार के अन्य सदस्यों के पास रह रहे हैं. मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि धीरज की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी पत्नी ने ही दर्ज कराई थी. पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर मुकेश को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने धीरज की हत्या और शव गंगा नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद शव की तलाश और मामले की आगे की जांच कर रही है.

भारत एक्सप्रेस

Swati Pandey

Recent Posts

जाकिर नाइक के संगठन पर मोदी सरकार की चोट: गृह मंत्री अमित शाह ने IRF को फिर घोषित किया गैरकानूनी संगठन

केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने भगोड़े उपदेशक डॉ. जाकिर नाइक के संगठन 'इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन'…

11 minutes ago

पुराना किला में सजेगा दुनिया की सभ्यताओं का महामंच, पीएम मोदी कल करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी कल यानी 20 नवंबर को शाम करीब 5:30 बजे नई दिल्ली के पुराना…

28 minutes ago

संभल में हरिहर मंदिर पदयात्रा के दौरान बवाल, पुलिस से धक्का-मुक्की; 10 हजार लोगों को जुटाने का था ऐलान

Sambhal Harihar Mandir Padyatra: संभल में ऋषि राज गिरी महाराज के नेतृत्व में निकली हरिहर…

36 minutes ago

PUC सर्टिफिकेट के नियम बदले, जानिए आपकी कार या बाइक के लिए क्या है नया रूल?

PUC certificate rules: केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण जांच सर्टिफिकेट (PUC) से जुड़े नियमों…

38 minutes ago

NHAI का नया अलर्ट! गाड़ी के इंश्योरेंस पर आ रहे SMS से न हों परेशान, टोल प्लाजा पर नहीं कटेगा चालान

NHAI Motor Insurance Renewal: NHAI ने मोटर इंश्योरेंस रिन्यूअल को लेकर वाहन मालिकों को भेजे…

52 minutes ago

‘स्व-गणना राष्ट्रीय कार्य…’ सीएम योगी ने पूरी की जनगणना-2027 की डिजिटल प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में आधिकारिक पोर्टल पर अपना…

1 hour ago