Bihar Boat Capsize: बिहार के सीतामढ़ी जिले के बागमती नदी की उफनती लहरों के बीच करीब 40 यात्रियों से भरी एक नाव अचानक पलट गई. यह हादसा रुन्नीसैदपुर प्रखंड के खड़का घाट पर शनिवार को हुआ. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी और सूझबूझ से समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया. घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव में क्षमता से कहीं ज्यादा लोग सवार थे. ओवरलोडिंग की वजह से जैसे ही नाव बागमती नदी की बीच धारा में पहुंची, वह डगमगाने लगी. मुसाफिर संभल पाते, इससे पहले ही नाव का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह पलट गई. नाव पलटते ही घाट पर चीख-पुकार मच गई.
तभी स्थानीय ग्रामीण बिना वक्त गंवाए नदी में कूद पड़े और राहत कार्य में जुट गए. ग्रामीणों की तत्परता की वजह से सभी 35-40 यात्रियों को बिना किसी नुकसान के बचा लिया गया. लोगों का आरोप है कि घाट पर सुरक्षित नावों का इंतजाम न होने से नाविक मजबूरी में ओवरलोडिंग करते हैं, जिससे हमेशा जान का खतरा बना रहता है.
इस हादसे के बीच नेपाल में हो रही लगातार बारिश ने उत्तर बिहार की मुश्किलों को बढ़ा दिया है. बागमती, कमला बलान और गंडक जैसी प्रमुख नदियां उफान पर हैं. गंडक नदी डुमरियाघाट में खतरे के निशान से 33 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है, जबकि गंडक बराज से 97,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है.
बाढ़ का पानी अब रिहायशी इलाकों में भी घुसने लगा है. मोतिहारी की सिकरहना नदी के उफान से सुगौली और बंजरिया ब्लॉक के कई निचले गांव डूब गए हैं. सुगौली के नयका टोला का संपर्क बाकी इलाकों से पूरी तरह कट चुका है और सड़कों पर दो फीट तक पानी बह रहा है.
उधर, मधुबनी के खजौली प्रखंड के हरिशवाड़ा गांव में उग्रनाथ शाखा मुख्य कैनाल का पश्चिमी बांध करीब 20 फीट की लंबाई में टूट गया है. बांध टूटने से मदना, अकसपुरा और लक्ष्मीपुर जैसे दर्जनों गांवों के खेतों में पानी भर गया है, जिससे किसानों की सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई है.
ग्रामीणों का आरोप है कि जल संसाधन विभाग की लापरवाही की वजह से यह बांध टूटा है और 24 घंटे बाद भी मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है.
ये भी पढ़ें: वंदे मातरम का अपमान अब अपराध? राज्यसभा में अमित शाह करेंगे बिल पेश
-भारत एक्सप्रेस
दिवाली तक दिल्ली में बड़े धरना-प्रदर्शनों और मार्च पर रोक लगाने की मांग उठी है.…
RRB NTPC Recruitment 2026 Apply Online: RRB NTPC भर्ती 2026 में 12वीं पास युवाओं के…
Mobile Rules: अनजान और फर्जी कॉल्स से परेशान मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी राहत की…
Bihar News: राघोपुर नाव हादसे के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे तेजस्वी यादव का…
Supreme Court: टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की ओर से दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 16…
Supreme Court: रेप के मामले में दोषी तरुण तेजपाल की ओर से दायर याचिका पर…