देश

दिल्ली में घर में लगी आग से 4 लोगों की मौत, ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन

Delhi Fire News: दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक घर में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए. घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. फिलहाल, दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

यह घटना शाहदरा जिले के फर्श बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत विश्वास नगर इलाके में यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 में हुई. अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह करीब 4.15 बजे इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जहां ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चल रहा था. यह घर लगभग 60 वर्ग गज में फैला हुआ था.

घर के अंदर सो रहे थे 6 लोग

बताया गया कि आग लगने के समय घर के अंदर छह लोग सो रहे थे. आग की एक चिंगारी उठी और उसने पूरे घर को चपेट में ले लिया. घर में आग लगने से आसपास अफरातफरी मच गई. आनन-फानन में दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई.

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) को इमरजेंसी कॉल मिलने के तुरंत बाद चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया गया और सुबह करीब 5 बजे तक आग बुझा दी गई.

4 लोगों की मौत दो झुलसे

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल विभाग के कर्मचारियों ने छह लोगों को बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें तुरंत हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, उनमें से चार लोगों की मौत हो गई. दो अन्य लोग झुलस गए और उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया.

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया,

मौके पर चार लोगों की मौत हो गई थी और बाकी दो लोगों को अस्पताल भेज दिया गया. उनकी हालत अभी स्थिर है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

फिलहाल, आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी आनी बाकी है. पुलिस ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की है.

सैनिटरी आइटम बनाने वाली फैक्ट्री में आग

एक अन्य घटना में उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के बी-85 में प्लास्टिक के सैनिटरी आइटम बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लग गई. दिल्ली फायर सर्विस को रविवार सुबह करीब 3.50 बजे आग लगने की सूचना मिली. मौके पर दो दमकल गाड़ियां, दो पानी के टैंकर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल भेजा गया.

ये भी पढ़ें- CM सैनी ने गुरुग्राम को दी 100 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, आधुनिक डिपो का भी किया लोकार्पण

आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जहां कार्डबोर्ड के डिब्बे भी रखे हुए थे. लगभग 200 वर्ग गज में बनी इस इमारत में ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल थी. सुबह 4.05 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, जबकि आग बुझाने का अभियान सुबह करीब 5.20 बजे खत्म हुआ. फैक्ट्री में लगी इस आग में किसी की जान जाने की खबर नहीं है.

-भारत एक्सप्रेस

Govind Kumar Singh

गोविंद सिंह बिहार के कैमूर जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज से हासिल की और पटना कॉलेज, पटना से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और ईटीवी भारत, इनशॉर्ट्स और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन जैसे संस्थानों में काम करते हुए समाचार लेखन, कंटेंट एडिटिंग, रिसर्च और न्यूज प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया। फिलहाल वह भारत एक्सप्रेस में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्रकारिता का प्रमुख फोकस विदेश नीति, राष्ट्रीय राजनीति और बिहार से जुड़े मुद्दों पर है।

Recent Posts

लॉस एंजिलिस में 5.0 तीव्रता का भूकंप, 40 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स दर्ज! LAX एयरपोर्ट के टर्मिनल-7 में टूटे शीशे

Los Angeles Earthquake: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिलिस में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया.…

20 minutes ago

ब्रह्म योग में ग्रहों की चाल में फेरबदल…! चमकेगी इन 4 राशियों की किस्मत, जानें मेष से मीन तक आज का राशिफल

आज मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि पर ब्रह्म योग और पुष्य नक्षत्र…

35 minutes ago

‘सुधाकंठ’ डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह का समापन: कल दिल्ली के भारत मंडपम में शिरकत करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम…

10 hours ago

पीएम मोदी का दिसंबर में कनाडा दौरा: ट्रेड डील (CEPA) और डिफेंस कोऑपरेशन पर बड़ा फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा के दौरे पर जाएंगे, जहां व्यापार समझौते (CEPA) और…

10 hours ago

प्रेस रिलीज से इंस्टाग्राम रील्स तक का सफर और 2047 का संकल्प: दिवाली मिलन में पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां

भाजपा मुख्यालय में दिवाली मिलन कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 2047 से पहले विकसित…

10 hours ago