Gwalior Child Sacrifice Attempt Case
Gwalior Child Sacrifice Attempt Case: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से मानव बलि की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. करहिया थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय बच्चे पर उसके पड़ोसी युवक ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया. आरोप है कि युवक बच्चे को माता की झांकी दिखाने के बहाने गोलेश्वर पहाड़ी के जंगल में ले गया था. वहां उसने बच्चे को बताया कि वह उसकी बलि देना चाहता है और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. आरोपी बच्चे को मरा समझकर मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल बच्चा देर रात होश में आने के बाद किसी तरह पैदल अपने घर पहुंचा. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, घटना 18 अक्टूबर की है. पीड़ित की पहचान रिठौदन गांव निवासी मनीष रावत के 14 वर्षीय बेटे निशांत रावत के रूप में हुई है. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला विक्की गौड़ उसे बाइक पर बैठाकर माता की झांकी दिखाने के बहाने गोलेश्वर मंदिर की पहाड़ी पर ले गया था. निशांत के मुताबिक, पहाड़ी पर पहुंचने के बाद जब उसने आरोपी से वहां लाने की वजह पूछी, तो उसने कहा कि वह उसकी बलि देना चाहता है. इसके बाद आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया.
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उसके गले पर चार बार चाकू से वार किया. इसके अलावा माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी हमला किया गया. कुल नौ बार चाकू से वार किए जाने की बात सामने आई है. हमले में निशांत गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया. आरोप है कि हमले के दौरान चाकू टूट गया, जिसके बाद आरोपी उसे मृत समझकर जंगल में छोड़कर भाग निकला. देर रात जब निशांत को होश आया, तो वह किसी तरह जंगल से निकलकर खून से लथपथ हालत में अपने घर पहुंचा.
निशांत को इस हालत में देखकर परिजन घबरा गए. उन्होंने बिना देर किए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया. बच्चे की मां पूनम रावत का आरोप है कि विक्की उनके बेटे को झांकी दिखाने के बहाने ले गया था और फिर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी थी, लेकिन कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर वे घायल बच्चे को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे. परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान आरोपी ने उसके भाई और रामबरन नाम के एक युवक की भी बलि देने की बात कही थी. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. ग्वालियर देहात के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि करहिया थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय बच्चे पर हमले का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी विक्की गौड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस हमले के पीछे की असल वजह क्या थी और मानव बलि देने की बात से जुड़े आरोपों में कितनी सच्चाई है.
भारत एक्सप्रेस
Sleep Apnea Fatty Liver Connection: रात में तेज खर्राटे लेना, सोते समय बार-बार सांस रुकना…
DU PhD Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पीएचडी प्रवेश परीक्षा की…
UP Roadways Record: दिवाली के दौरान 6 से 11 नवंबर तक यूपी रोडवेज की बसों…
Yuge Yugeen Bharat Museum Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली…
CII Partnership Summit 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 12 नवंबर को विशाखापत्तनम में 31वें…
PM Modi Fertiliser Subsidy: पीएमओ इंडिया ने जानकारी दी कि रबी 2026-27 के लिए गैर-यूरिया…