देश

अगले 72 घंटे संभलकर! रूठा हुआ मानसून फिर हुआ सक्रिय, पू्र्वोत्तर से लेकर दिल्ली और यूपी-बिहार तक तबाही का अलर्ट

IMD Rain Alert 13 July 2026: देश के मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह पलटने वाला है, जिसने उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक प्रशासनिक अमले की चिंता बढ़ा दी है. पिछले कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर पूरी ताकत से सक्रिय होने जा रहा है, जिसकी वजह से देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है.

मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 13 जुलाई 2026 को देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसमें सबसे खतरनाक स्थिति बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल की होने वाली है, जहां मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है. इसके विपरीत देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में लोग उमस भरी भीषण गर्मी से बेहाल हैं.

दिल्ली-एनसीआर में मानसून का नया खेल(IMD Rain Alert 13 July 2026)

देश की राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में हफ्ते की शुरुआत में तो अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि मानसून दिल्लीवालों से रूठ सा गया है. पिछले दो दिनों से पूरे एनसीआर में कहीं भी कोई तेज बारिश दर्ज नहीं की गई है, जिससे तापमान और नमी का स्तर तेजी से ऊपर भागा है. मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और अधिकतम तापमान 38 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

हवा में आर्द्रता का स्तर सुबह के समय 80 प्रतिशत और शाम को 65 प्रतिशत तक रहेगा. मौसम एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्थानीय स्तर पर बादल बनने से कुछ पॉकेट्स में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन व्यापक या भारी बारिश की उम्मीद फिलहाल नहीं है, जिसके कारण दोपहर के समय लोगों को भयंकर उमस और धूप का सामना करना पड़ेगा.

बिहार-झारखंड और बंगाल में रेड अलर्ट(Weather Update 13 July 2026)

एक तरफ जहां दिल्ली बूंद-बूंद को तरस रही है, वहीं पूर्वी भारत में मानसून अपना सबसे रौद्र रूप दिखाने के लिए तैयार बैठा है. मौसम विभाग ने आज बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में अगले दो से तीन दिनों के भीतर कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है.

आईएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबिक पश्चिम बंगाल में 16 जुलाई तक और ओडिशा में 15 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का यह जानलेवा दौर लगातार जारी रहेगा. प्रशासन ने इन राज्यों में आपदा प्रबंधन की टीमों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने को कहा है.

पूर्वोत्तर के सात राज्यों में भारी तबाही की आशंका

पूर्वी भारत के साथ-साथ पूर्वोत्तर यानी नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी मानसूनी बादल जमकर उत्पात मचाने वाले हैं. आईएमडी के अनुसार आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. विशेष रूप से असम और मेघालय में 13 और 14 जुलाई को रिकॉर्ड तोड़ बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन और तेज आंधी के कारण बिजली व्यवस्था ठप होने की भी आशंका है. स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है और मछुआरों को भी पानी में न उतरने की सख्त हिदायत दी गई है.

ये भी पढ़ें- आधी रात गांव में घुसी शेरनी: तीन शावक उसके पीछे-पीछे गलियों में दौड़ते रहे, CCTV वीडियो देख बंधी लोगों की घिग्‍घी

भारत के मानसून का पूरा रिपोर्ट कार्ड

उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में आज से लेकर आगामी 18 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर रुक-रुक कर जारी रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जिसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी तरफ राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मानसून काफी कमजोर स्थिति में रहेगा.

हालांकि 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिल सकती है. दक्षिण भारत की बात करें तो तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु के पश्चिमी घाट और लक्षद्वीप में आज भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि तमिलनाडु के बाकी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस

Rohit Agrawal

Recent Posts

‘जाणता राजा’ का महामंचन LIVE: हजारों दर्शक…देशभर से हस्तियां जुटीं, देखिए वीडियो

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के सनसिटी में ‘जाणता राजा’ के महामंचन को देखने हजारों लोग…

18 minutes ago

मछुआरों को हथियार बना रहा है आतंकिस्तान? BSF ने पाकिस्तान की चाल की फेल

BSF Seized Pakistani Fishermen Boat: गुजरात के कच्छ में सर क्रीक इलाके से BSF ने…

28 minutes ago

अदाणी ग्रुप और एयर इंडिया का मेगा प्लान, अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स नवी मुंबई एयरपोर्ट पर होगी ट्रांसफर

अदाणी एयरपोर्ट्स और एयर इंडिया ग्रुप ने बड़ा फैसला लिया है. दिसंबर 2026 से नवी…

35 minutes ago

अद्भुत तपस्या..! 111 डिग्री तापमान में भी जारी रही स्वामी कैलाशानंद गिरि की साधना

हरिद्वार में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज की सावन के बाद अब नवरात्र के…

43 minutes ago

इंडिगो-अदाणी का मास्टरस्ट्रोक! अब इस नए एयरपोर्ट से उड़ेंगी विदेश की फ्लाइट्स

अदाणी एयरपोर्ट्स और इंडिगो ने बड़ा ऐलान किया है. फरवरी 2027 से नवी मुंबई एयरपोर्ट…

48 minutes ago

ज्ञानेश कुमार को मिले भारत रत्न, यूनाइटेड हिंदू फ्रंट ने खोला मोर्चा; अध्यक्ष ने बिड़ला मंदिर से निकाला मार्च

Birla Mandir Delhi Protest: एक तरफ विपक्ष चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले…

1 hour ago