भारत और नेपाल के बीच रिश्ते सिर्फ पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है. इसकी खूबसूरत झलक नई दिल्ली में उस समय देखने को मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की मुलाकात हुई. इस खास मौके पर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को ऐसे उपहार दिए, जिनका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह को त्रिवेणी का पवित्र जल भेंट किया. वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री ने जवाब में मोदी को रुद्राक्ष की माला और प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद दिया. उपहारों का यह आदान-प्रदान भले ही छोटा सा कार्यक्रम नजर आए, लेकिन इसके जरिए दोनों देशों के पुराने सांस्कृतिक रिश्तों और आपसी सम्मान का संदेश साफ तौर पर सामने आया.
भारत दौरे के दूसरे और आखिरी दिन नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए गले लगाया. इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
स्वागत समारोह के बाद बालेन्द्र शाह सीधे राजघाट पहुंचे. यहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान भारत की परंपरा और ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान भी देखने को मिला.
राजघाट के कार्यक्रम के बाद नेपाली प्रधानमंत्री हैदराबाद हाउस पहुंचे, जहां दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई. इस बैठक में भारत और नेपाल के रिश्तों को और मजबूत बनाने के साथ-साथ भविष्य में सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा की गई.
इस द्विपक्षीय बातचीत का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक और बुनियादी ढांचे से जुड़े सहयोग को आगे बढ़ाना है. नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बैठक में व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, सड़क और रेल संपर्क के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होनी है.
दोनों देश अपने लंबे समय के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए ‘समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत’ नाम से एक संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी कर सकते हैं. इसका मकसद आने वाले वर्षों में भारत और नेपाल के बीच सहयोग की दिशा और प्राथमिकताओं को स्पष्ट करना है.
इसके अलावा, दोनों देशों की ओर से ऊर्जा और कनेक्टिविटी से जुड़ी पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करने और कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला रखने की भी उम्मीद है. इन पहलों से सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ व्यापार और आवाजाही को भी बढ़ावा मिल सकता है.
इस दौरे का एक बड़ा आकर्षण अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच शुरू होने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा है. दोनों प्रधानमंत्री इस रेल सेवा का उद्घाटन करेंगे. यह परियोजना धार्मिक और सांस्कृतिक नजरिए से भी काफी खास मानी जा रही है.
नई ट्रेन अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. रास्ते में इसके प्रमुख ठहराव अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर होंगे.
इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में एक दिन किया जाएगा. जनकपुरधाम से यह हर शनिवार को रवाना होगी, जबकि अयोध्या कैंट से इसकी वापसी यात्रा हर सोमवार को होगी.
इस रेल सेवा की सबसे खास बात यह है कि इससे भारत में भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा. दोनों जगहों का धार्मिक महत्व भारत और नेपाल के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास है.
अब श्रद्धालुओं के लिए इन दोनों धार्मिक स्थलों तक पहुंचना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है. साथ ही, इस रेल संपर्क से पर्यटन, स्थानीय कारोबार और सीमावर्ती क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.
भारत ने पूरी धमक के साथ एशिया में अपना इकबाल बुलंद किया है. हम इस…
FSSAI ने गोवा प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल दो अलग-अलग लैब टेस्ट में…
Om Birla Birthday: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के…
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के निधन के बाद 'योगी की पाती'…
Muzaffarnagar Double Murder: मुजफ्फरनगर के दादूपुर गांव में बाइक सवार हमलावरों ने घर के गेट…
Balen Shah India Visit: भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का राष्ट्रपति…