Jaipur Student Protest: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को युवाओं और छात्र नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया. छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग और दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जयपुर का सियासी पारा अचानक काफी हाई हो गया है. मामला तब और गंभीर हो गया जब राजस्थान यूनिवर्सिटी के कुछ प्रमुख छात्र नेता सीधे रेलवे की पानी की टंकी पर जा चढ़े.
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे का वक्त था, जब टोंक फाटक पुलिया के पास बनी रेलवे की पानी की टंकी पर अचानक हलचल मच गई. NSUI के प्रभारी विजयपाल कुड़ी, उपाध्यक्ष कोशेन खान और छात्र प्रतिनिधि वियोना जाट हाथ में तख्तियां लेकर सीधे उस ऊंची टंकी पर जा बैठे. उन्होंने वहां से केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी.
टंकी पर बैठे विजयपाल कुड़ी ने आरोप लगाया कि 14 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत चुका है लेकिन शासन या प्रशासन का कोई भी नुमाइंदा उनकी सुध लेने नहीं आया. उन्होंने दो टूक कहा कि वे अपने निजी फायदों के लिए नहीं, बल्कि राजस्थान के लाखों स्टूडेंट्स के भविष्य की खातिर यह लड़ाई लड़ रहे हैं. उनका यह भी कहना था कि टंकी पर पानी तक खत्म हो चुका है और साथ में एक छात्रा भी मौजूद है, इसके बावजूद सरकार का रवैया बेहद उदासीन बना हुआ है.
छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो पूरे प्रदेश के युवा सड़कों पर उतरकर टोंक रोड जाम कर देंगे. हंगामे को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और नीचे सुरक्षा जाल बिछाकर नेताओं को सुरक्षित नीचे उतारने की जद्दोजहद में जुट गईं.
दूसरी तरफ राजस्थान यूनिवर्सिटी के कैंपस में भी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. छात्रसंघ चुनाव की बहाली को लेकर पिछले आठ दिनों से आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेता शुभम रेवाड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसके बाद पुलिस ने स्वास्थ्य खराब होने का हवाला देते हुए उन्हें अनशन स्थल से उठाया और तुरंत इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती करा दिया.
जैसे ही पुलिस ने यह कार्रवाई की यूनिवर्सिटी परिसर में मौजूद समर्थक छात्र भड़क उठे. उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि यह सब इस बड़े छात्र आंदोलन को कुचलने और दबाने की एक सोची-समझी साजिश है.
ये भी पढे़ं- ‘मौत का डब्बा’ लिखकर क्रेन पर टांगी स्कॉर्पियो! एयरबैग न खुलने से युवक की मौत पर महिंद्रा एजेंसी पर उग्र प्रदर्शन
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
टीएमसी सांसद कीर्ति झा आजाद के बयान पर सियासी बवाल मच गया है. जानिए कवि…
Moringa Soup: सर्दियों के दिनों में स्किन पर नेचुरल ग्लो लाने और सेहत बनाने के…
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के बीच गठबंधन…
Chhath Puja 2026: आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ इस साल 13 नवंबर से…
समस्तीपुर के मथुरापुर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक मरीज ने लोहे की रॉड…
ANSBCL Scam: अंडमान निकोबार के ANSBCL बैंक घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व…