दिल्ली के जौहरीपुर में महिला को गोली मारने के बाद युवक ने की खुदकुशी (इमेज- Bharat Express PNG)
रिपोर्ट- तनु चौधरी
Johripur Shooting: दिल्ली के जौहरीपुर इलाके में शुक्रवार सुबह फायरिंग की घटना सामने आई. गोकलपुरी थाना क्षेत्र के गली नंबर-1, 30 फुट रोड, शिव मंदिर के पास एक महिला के पैर में गोली लग गई. महिला राजवती का घर और युवक नीरज का घर आपस में सटे हुए हैं. घटना नीरज के घर की पहली मंजिल वाले कमरे में हुई. नीरज कमरे में खून से लथपथ मिला था, जिसकी सिर में गोली लगने से मौके पर ही मृत्यु हो गई. दिल्ली पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, नीरज ने पहले अपनी बालकनी से पड़ोसी महिला पर गोली चलाई और उसके बाद कमरे को अंदर से बंद करके खुद के सिर में गोली मार ली.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को सुबह करीब 7:41 बजे गोकलपुरी थाने में फायरिंग की सूचना मिली थी. बताया गया था कि एक महिला के पैर में गोली लगी है. सूचना मिलते ही SHO गोकलपुरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल महिला राजवती को इलाज के लिए पहले ही राजीव गांधी सरकारी अस्पताल ले जाया जा चुका था.
दिल्ली पुलिस को घर की पहली मंजिल के एक कमरे में 32 साल का नीरज, पिता का नाम लीला राम, खून से लथपथ मिला. उसके पास एक रिवॉल्वर पड़ा हुआ था. शुरुआती जांच में पता चला कि रिवॉल्वर का लाइसेंस नीरज के पिता के नाम पर है. पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया और जरूरी सबूत जुटाए.
घर में मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि नीरज ने कमरे को अंदर से बंद कर रखा था. गोली चलने की आवाज सुनने के बाद लोग कमरे के पास पहुंचे. दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़ा गया, जिसके बाद नीरज फर्श पर घायल हालत में मिला.
उधर, 48 वर्षीय राजवती, पत्नी डिंपल, निवासी गली नंबर-1, जौहरीपुर एक्सटेंशन, को दाहिने पैर में गोली लगी थी. उन्हें इलाज के लिए राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में राजवती ने पुलिस को बताया कि उनका घर नीरज के घर से सटा हुआ है. सुबह करीब 7 से 7:15 बजे के बीच नीरज ने उन्हें फोन किया और मिट्टी की हांडी मांगी थी. राजवती के परिवार का मिट्टी के बर्तन बेचने का काम है.
राजवती के मुताबिक, वह नीरज से बात करते हुए अपने घर की पहली मंजिल की ओर सीढ़ियां चढ़ रही थीं. इसी दौरान नीरज ने कथित तौर पर उन पर गोली चला दी, जो उनके दाहिने पैर में लगी.
दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, नीरज के घर की बालकनी से राजवती के घर की सीढ़ियां साफ दिखाई देती थीं.
दिल्ली पुलिस की अब तक की जांच और सामने आए तथ्यों के आधार पर माना जा रहा है कि नीरज ने पहले राजवती पर गोली चलाई और उसके बाद रिवॉल्वर से अपने सिर में गोली मार ली. गोली लगने से नीरज की मौके पर ही मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- हत्या या आत्महत्या? छड़वा डैम के जंगल में पेड़ से लटका मिला आर्मी जवान का शव, पूरा गांव है हैरान
इस मामले में FIR नंबर 207/26, गोकलपुरी थाने में BNS की धारा 109(1) के तहत दर्ज की गई है. नीरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए GTB अस्पताल भेजा गया है. इनक्वेस्ट की कार्रवाई भी जारी है. दिल्ली पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
दिल्ली हाईकोर्ट जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के…
Donald Trump On Nobel Peace Prize: नोबेल शांति पुरस्कार 2026 के ऐलान से पहले डोनाल्ड…
France Violence: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि फ्रांस में जो कुछ हो रहा है,…
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश…
Jayaprakash Narayan Death Anniversary: संपूर्ण क्रांति के नायक जेपी की आज पुण्यतिथि है. 1978 में…
सुप्रीम कोर्ट ने स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों…