'कारवां गीतों का... नीरज' कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल शामिल हुए
SP Singh Baghel: देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को गीत, संगीत और साहित्य की एक यादगार शाम देखने को मिली. मौका था हिंदी के प्रख्यात कवि एवं पद्मभूषण गोपाल दास ‘नीरज’ की अमर रचनाओं को याद करने का. ‘कारवां गीतों का… नीरज’ कार्यक्रम के जरिए नीरज की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर जीवंत किया गया. इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, भारत एक्सप्रेस के सीएमडी और एडिटर इन चीफ उपेंद्र राय समेत साहित्य, कला और सिनेमा जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क, महाकवि गोपाल दास नीरज फाउंडेशन ट्रस्ट और सोनवी इवेंट्स मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नीरज के लोकप्रिय गीतों और कविताओं की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं. संगीत और गायन के माध्यम से जब नीरज के शब्द मंच पर गूंजे तो श्रोताओं ने न केवल उनकी यादों को महसूस किया, बल्कि उनकी रचनाओं की गहराई और संवेदनशीलता को भी करीब से जाना.
गोपाल दास ‘नीरज’ हिंदी साहित्य का वह नाम हैं, जिन्होंने कविता को आम लोगों तक पहुंचाने का काम किया. उनकी रचनाएं किताबों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि गीतों के रूप में करोड़ों लोगों के दिलों तक पहुंचीं. उन्होंने साहित्य और सिनेमा के बीच एक ऐसा पुल बनाया, जिसकी मिसाल आज भी दी जाती है.
कार्यक्रम के दौरान ‘कारवां गुजर गया’, ‘फूलों के रंग से’ और ‘ए भाई जरा देख के चलो’ जैसे कालजयी गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को भावुक बना दिया. इन गीतों ने एक बार फिर साबित किया कि नीरज के शब्द समय की सीमाओं से परे हैं और आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने अपने दौर में थे.
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि यह केवल गीत-संगीत का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस महान कवि को याद करने का अवसर है, जिसने हिंदी के शब्दों को ऐसी आवाज दी जो पीढ़ियों तक लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी. उन्होंने कहा कि नीरज के गीतों और विचारों के इस कारवां को आगे बढ़ाने का प्रयास समाज और साहित्य दोनों के लिए महत्वपूर्ण है.
महाकवि गोपाल दास नीरज को लेकर आयोजित ‘कारवां गीतों का… नीरज’ कार्यक्रम में भारत एक्सप्रेस के सीएमडी श्री उपेंद्र राय जी ने नीरज जी को याद किया. सीएमडी उपेंद्र राय ने कहा कि नीरज जी के बारे में कहने के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे. उन्होंने गोपाल दास नीरज को सदी का महाकवि बताते हुए कहा कि उनके गीत आज भी उतने ही प्रभावशाली और कालजयी हैं.
सीएमडी उपेंद्र राय ने कहा कि वह नीरज जी के परिवार का हिस्सा हैं और गोपाल दास नीरज फाउंडेशन के संरक्षक के तौर पर उनकी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. उन्होंने नीरज जी की पंक्तियों-‘छिप-छिप अश्रु बहाने वालों’ और ‘कुछ सपनों के मर जाने से जीवन मरा नहीं करते’-को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणाओं में बताया. साथ ही आज के युवाओं से मानवीय बनने की अपील की.
नीरज की रचनाओं में प्रेम, संवेदना, जीवन दर्शन और आम आदमी की भावनाओं का अद्भुत संगम दिखाई देता है. यही कारण है कि समय बदलने के बावजूद उनके गीतों और कविताओं की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है.
ये भी पढ़ें- गोपाल दास ‘नीरज’ की स्मृति में दिल्ली में ‘कारवाँ गीतों का…’ LIVE: CMD उपेन्द्र राय ने महाकवि को ऐसे किया याद
दिल्ली की इस विशेष शाम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि कवि भले ही दुनिया से विदा हो जाए, लेकिन उसके शब्दों का कारवां कभी नहीं रुकता. नीरज की अमर रचनाएं आज भी लोगों के दिलों में उसी तरह जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी.
दिल्ली के मावलंकर हॉल में आयोजित पेंटिंग प्रदर्शनी 'डिस्कवर द पावर ऑफ एक्सप्रेशन' में भारत…
नालसार यूनिवर्सिटी में बोलते हुए जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने कहा कि चुनाव आयोग की SIR…
Vijay Sinha: बिहार सरकार के मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में…
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस रोहिंटन नरीमन ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और वोटर लिस्ट…
भोपाल में गृह मंत्री अमित शाह ने देश को 2029 तक नशामुक्त बनाने का लक्ष्य…
इजराइल के स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी और जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार को…