देश

18 साल बाद 26/11 का सबसे बड़ा सवाल ! क्या हमने सिर्फ सुरक्षा बढ़ाई या सिस्टम की जवाबदेही भी तय की?

 Mumbai Terror Attack: कुछ तारीखें कैलेंडर से मिट जाती हैं, लेकिन इतिहास से कभी नहीं मिट पातीं , वो जब भी आती हैं तो पुराने जख्मों को कुरेद देती हैं जिनकी कल्पना मात्र से ही हम सिहर जाते हैं. 26 नवंबर भी ऐसी ही एक तारीख है, आज से ठीक 18 साल पहले मुंबई में पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने जो खूनी खेल खेला था, उसने सिर्फ 166 निर्दोष लोगों की जान ही नहीं ली थी, बल्कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था के सामने एक ऐसा आईना रख दिया था, जिसमें देश को अपनी कमजोरियां साफ दिखाई दी थीं.

आज 18 साल बाद इस तारीख को याद करने का सबसे जरूरी कारण सिर्फ यह नहीं है कि उस रात क्या हुआ था, बल्कि एक पत्रकार होने के नाते मेरी नजर में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब खतरे की आहट पहले से थी, तब देश उसे रोक क्यों नहीं पाया? आखिर चूक कहां हुई , क्यों हुई और कैसे हुई ?

16 अलर्ट मिले, लेकिन हमले को नहीं रोक सकीं एजेंसियां

26/11 को लेकर सबसे बेचैन करने वाला तथ्य खुफिया चेतावनियों से जुड़ा है, पूर्व विशेष सचिव (R&AW) वप्पाला बालचंद्रन ने 2024 में प्रकाशित अपने विश्लेषण में बताया था कि मुंबई को निशाना बनाए जाने की आशंका को लेकर अगस्त 2006 से अक्टूबर 2008 के बीच 16 खुफिया अलर्ट मिले थे. इन चेतावनियों में समुद्री रास्ते से घुसपैठ और मुंबई के महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले की आशंका भी शामिल थी, यहां सवाल सिर्फ खुफिया जानकारी मिलने या नहीं मिलने का नहीं था. सवाल था कि जानकारी मिलने के बाद क्या हुआ? क्या उसे सही स्तर पर गंभीरता से लिया गया? क्या संबंधित एजेंसियों ने मिलकर कोई ठोस रणनीति बनाई? क्या समुद्री तटों की निगरानी उस स्तर पर हुई, जिसकी जरूरत थी? 26/11 ने साबित किया कि खतरे की जानकारी होना और खतरे को रोक पाने में सक्षम होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं.

हमले के बाद बदला सिस्टम, लेकिन क्या बदली सोच?

मुंबई हमले के बाद भारत ने अपनी आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में कई बड़े बदलाव किए, दिसंबर 2008 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की स्थापना हुई. समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल और समुद्री पुलिस की भूमिका और अत्यधिक बढ़ाई गई. खुफिया सूचनाओं के बेहतर आदान-प्रदान के लिए मल्टी एजेंसी सेंटर को भी मजबूत किया गया. यानी 26/11 के बाद देश ने संस्थागत स्तर पर अपनी कमियों को दूर करने की कोशिश की. लेकिन किसी भी सुरक्षा व्यवस्था की असली परीक्षा नए संस्थानों की संख्या से नहीं, बल्कि इस बात से होती है कि खतरे का संकेत मिलने पर वह कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी कार्रवाई करती है.

सुरक्षा एजेंसियों के पास पहले से ज्यादा संसाधन

आज तकनीक बदल चुकी है. निगरानी के साधन बढ़े हैं, सुरक्षा एजेंसियों के पास पहले से कहीं ज्यादा संसाधन हैं लेकिन आतंकवाद भी तकनीक, नेटवर्क और तरीकों के स्तर पर बदल रहा है. ऐसे में 26/11 की सबसे बड़ी सीख आज भी प्रासंगिक है कि सूचना तभी उपयोगी है, जब उस पर समय रहते कार्रवाई हो.

मुंबई की इमारतें फिर खड़ी हो गईं, लेकिन आज भी बिखरे पड़े हैं कई परिवार

26/11 के बाद ताज होटल फिर खुला, रेलवे स्टेशन पर फिर भीड़ लौट आई और मुंबई ने अपनी रफ्तार दोबारा पकड़ ली. मुंबई शहर ने दुनिया को दिखाया कि आतंकवाद उसकी हिम्मत नहीं तोड़ सकता लेकिन उस रात अपनों को खोने वाले परिवारों के लिए जिंदगी कभी पहले जैसी नहीं हुई. जिन बच्चों ने अपने माता-पिता खोए, जिन परिवारों ने अपने बेटे, बेटियां और जीवनसाथी खोए, उनके लिए 26 नवंबर कोई सामान्य तारीख नहीं है.

हमले में घायल हुए और बचकर निकले लोगों की कहानी भी यहीं खत्म नहीं हुई थी, किसी के लिए वह रात शारीरिक चोटों की याद बन गई, तो किसी के लिए जिंदगी भर का मानसिक आघात.

-भारत एक्सप्रेस

अतुल यादव (रवि), एडिटर क्राइम

Recent Posts

अमेरिका के टैरिफ प्रस्ताव पर भारत ने साफ किया रुख, व्यापार समझौते से समाधान पर जोर

India US Trade: अमेरिका ने भारत समेत 14 व्यापारिक साझेदारों पर नए आयात शुल्क का…

23 minutes ago

असम को बड़ी सौगात: गृह मंत्री अमित शाह ने दी सिलचर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की बधाई

गृह मंत्री अमित शाह की दूरदर्शिता और मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है…

10 hours ago

इकोनॉमी ईयर एंडर 2026: किन 5 मोर्चों पर पीएम मोदी की नीतियों ने दिलाई ऐतिहासिक कामयाबी

वर्ष 2026 भारत की अर्थव्यवस्था के लिए बड़े सुधारों, रिकॉर्ड निर्यात, बुनियादी ढांचे में निवेश…

10 hours ago