देश

बारिश से मौतों का तांडव: मुंबई की मूसलाधार मुसीबत, जम्मू में भारी भूस्खलन, रुद्रप्रयाग-कोटा-उज्जैन में मानसून का रौद्र रूप

Weather Update: देश के बड़े हिस्से में मानसून की दस्तक के साथ ही ‘मुसीबत मूसलाधार’ बनकर बरस रही है. महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में आसमानी आफत ने हाहाकार मचा दिया है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और पुणे में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से बेपटरी कर दिया है, जिसके चलते मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है.

मूसलाधार बारिश का सबसे दर्दनाक रूप मुंबई के मानखुर्द इलाके में देखने को मिला, जहां जनता नगर में एक तीन मंजिला इमारत ढहने से 6 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, वहीं राजस्थान के कोटा में करंट फैलने से एक महिला की जान चली गई. इस विनाशकारी मौसम के चलते रेल मंत्री से लेकर प्रशासनिक अधिकारी तक युद्ध स्तर पर राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं.

मलबे में तब्दील हुई तीन मंजिला इमारत (Weather Update Mumbai)

मुंबई के मानखुर्द के जनता नगर (चाल नंबर-5) में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक ग्राउंड प्लस तीन मंजिला इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर ढह गया. बीएमसी (BMC) अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस की टीमों ने मलबे से लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन 6 लोगों को बचाया नहीं जा सका. इस हादसे पर राजनीति भी गरमा गई है, जहां एनसीपी (NCP) नेता सुनेत्रा पवार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है, वहीं विधायक अबू आसिम आजमी ने बीएमसी पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं.

सड़कों और रेलवे ट्रैक पर बाढ़, थमी रफ्तार

मुंबई के निचले इलाकों जैसे अंधेरी सब-वे, पवई, चेंबूर, कुर्ला, सायन, हिंदमाता, माटुंगा और बांद्रा वेस्ट में सड़कें पूरी तरह से तालाब में तब्दील हो चुकी हैं. वहीं पुणे के लॉ कॉलेज रोड और कैंप इलाके के ईस्ट रोड पर गाड़ियां पानी में डूब गई हैं.

कर्जत और लोनावाला के बीच साउथ ईस्ट घाट सेक्शन में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच भारी लैंडस्लाइड (भूस्खलन) हुआ है, जिसके कारण अप मेन लाइन बाधित हो गई है. सेंट्रल रेलवे ने कई ट्रेनें कैंसिल की हैं और रूट्स डायवर्ट किए हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद स्थिति की समीक्षा की है और यात्रियों की मदद के लिए बड़े स्टेशनों पर विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.

मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर खंडाला एग्जिट के पास भारी भूस्खलन होने से ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया है. पुराने हाईवे पर भी गाड़ियों की एंट्री बंद कर दी गई है. मावल और ताम्हिनी घाट में बाढ़ जैसे हालात हैं और लोनावला के पाटन गांव में बचाव कार्य जारी है.

मुंबई की लाइफलाइन माने जाने वाले ‘डब्बावालों’ ने विरार-वसई क्षेत्र में भारी जलभराव और ट्रेनों की लेटी-लतीफी को देखते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए अपनी सेवाएं आज के लिए पूरी तरह बंद रखी हैं. इसके साथ ही मुंबई यूनिवर्सिटी ने आज होने वाली अपनी सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. पालघर रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से भी रेल सेवा धीमी गति से चल रही है.

पिंपरी, उज्जैन और रुद्रप्रयाग में नदियां उफान पर (Weather Update Ujjaun Rudepryag)

  • लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पवना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है, जिससे पिंपरी-चिंचवड़ के सुप्रसिद्ध मोरया गोसावी गणपति मंदिर के गर्भगृह और परिसर में पानी घुस गया है.
  • मध्य प्रदेश के उज्जैन में लगातार हो रही तेज बारिश से शिप्रा नदी उफान पर है. नदी का बहाव तेज होने के कारण ऐतिहासिक रामघाट पूरी तरह जलमग्न हो गया है और घाट के पास स्थित कई छोटे-बड़े मंदिर पानी में डूब गए हैं.
  • उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में भारी बारिश के बाद अलकनंदा नदी खतरे के निशान के पास पहुंच गई है. जलस्तर बढ़ने से प्रसिद्ध नमामि घाट पूरी तरह पानी में डूब गया है, जिसके बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को नदी किनारों से दूर रहने की हिदायत दी है.

जम्मू-कश्मीर में आफत में फंसे लोग (Weather Update Jammu)

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के प्रेम नगर इलाके में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से जम्मू-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे (NH) पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है. नागरिक प्रशासन की टीमें जेसीबी मशीनों के साथ मलबा हटाकर किश्तवाड़ जाने वाले इस मुख्य मार्ग को बहाल करने में जुटी हैं.

जम्मू के सांबा जिले में लगातार हो रही बारिश से बसंतर नदी में अचानक भयानक बाढ़ आ गई. इस फ्लैश फ्लड के कारण नदी के बीचों-बीच 5 लोग फंस गए, जिन्हें बचाने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है.

कोटा में करंट का तांडव (Weather Update Kota)

राजस्थान के कोटा से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अनंतपुरा थाना क्षेत्र स्थित बरड़ा बस्ती में बारिश के दौरान बिजली का हाई-टेंशन तार टूटकर गिर गया. तार गिरने से सड़क और आसपास के कुछ मकानों के पानी में करंट फैल गया. इस हादसे में करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें अधिकांश नाबालिग बच्चे शामिल हैं. करंट से दो बेजुबान गोवंशों की भी तड़प-तड़प कर मौत हो गई. सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया है.

Shyamdatt Chaturvedi

श्यामदत्त चतुर्वेदी एक अनुभवी मीडिया पेशेवर हैं. वर्तमान में नोएडा 'भारत एक्सप्रेस' में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सात वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले श्यामदत्त ने हिंदी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए कंटेंट राइटिंग, रिपोर्टिंग, एडिटिंग और डेटा एनालिसिस में गहरी विशेषज्ञता हासिल की है. इससे पहले उन्होंने जी न्यूज, ईटीवी भारत, टीएफआई मीडिया, वे2न्यूज और सैफायर मीडिया लिमिटेड (इंडिया डेली लाइव) जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं. उन्होंने स्थानीय पंचायत से लेकर विधानसभा, लोकसभा तक की व्यापक कवरेज की. उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU), अमरकंटक से पत्रकारिता और जनसंचार में स्नातक (BJMC) करने के बाद, प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री (M.A.) हासिल की है.

Recent Posts

विधायी विशेषाधिकार मामला: सुभाषिनी अली और PUCL ने SC में दायर की याचिका

स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के बाद पूर्व सांसद सुभाषिनी अली और एनजीओ PUCL ने भी…

12 minutes ago

यासीन मलिक पर राऊज एवेन्यु कोर्ट का फैसला, 7 के खिलाफ आरोप तय; पाकिस्तान से ली थी फंडिंग

दिल्ली की राऊज एवेन्यु कोर्ट ने पाकिस्तानी फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यासीन मलिक…

47 minutes ago

राम मंदिर चंदा मामला: सुप्रीम कोर्ट ने चंपत राय के खिलाफ याचिका सुनवाई के लिए स्वीकार की

सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय…

53 minutes ago

CEO ने कहा ‘मालिक की तरह सोचो’, कर्मचारी ने दिया हैरान कर देने वाला जबाव

Gen Z Employee Viral Story: एक वायरल किस्से में CEO ने कर्मचारी को करियर में…

55 minutes ago

2008 अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट: सुप्रीम कोर्ट ने मौत की सजा पाए दोषी अहमद बावा की फांसी पर लगाई रोक

सुप्रीम कोर्ट ने 2008 के अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट मामले में मौत की सजा पाए दोषी…

57 minutes ago