Weather Update: देश के बड़े हिस्से में मानसून की दस्तक के साथ ही ‘मुसीबत मूसलाधार’ बनकर बरस रही है. महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में आसमानी आफत ने हाहाकार मचा दिया है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और पुणे में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से बेपटरी कर दिया है, जिसके चलते मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है.
मूसलाधार बारिश का सबसे दर्दनाक रूप मुंबई के मानखुर्द इलाके में देखने को मिला, जहां जनता नगर में एक तीन मंजिला इमारत ढहने से 6 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, वहीं राजस्थान के कोटा में करंट फैलने से एक महिला की जान चली गई. इस विनाशकारी मौसम के चलते रेल मंत्री से लेकर प्रशासनिक अधिकारी तक युद्ध स्तर पर राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं.
मलबे में तब्दील हुई तीन मंजिला इमारत (Weather Update Mumbai)
मुंबई के मानखुर्द के जनता नगर (चाल नंबर-5) में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक ग्राउंड प्लस तीन मंजिला इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर ढह गया. बीएमसी (BMC) अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस की टीमों ने मलबे से लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन 6 लोगों को बचाया नहीं जा सका. इस हादसे पर राजनीति भी गरमा गई है, जहां एनसीपी (NCP) नेता सुनेत्रा पवार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है, वहीं विधायक अबू आसिम आजमी ने बीएमसी पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं.
सड़कों और रेलवे ट्रैक पर बाढ़, थमी रफ्तार
मुंबई के निचले इलाकों जैसे अंधेरी सब-वे, पवई, चेंबूर, कुर्ला, सायन, हिंदमाता, माटुंगा और बांद्रा वेस्ट में सड़कें पूरी तरह से तालाब में तब्दील हो चुकी हैं. वहीं पुणे के लॉ कॉलेज रोड और कैंप इलाके के ईस्ट रोड पर गाड़ियां पानी में डूब गई हैं.
कर्जत और लोनावाला के बीच साउथ ईस्ट घाट सेक्शन में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच भारी लैंडस्लाइड (भूस्खलन) हुआ है, जिसके कारण अप मेन लाइन बाधित हो गई है. सेंट्रल रेलवे ने कई ट्रेनें कैंसिल की हैं और रूट्स डायवर्ट किए हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद स्थिति की समीक्षा की है और यात्रियों की मदद के लिए बड़े स्टेशनों पर विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.
मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर खंडाला एग्जिट के पास भारी भूस्खलन होने से ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया है. पुराने हाईवे पर भी गाड़ियों की एंट्री बंद कर दी गई है. मावल और ताम्हिनी घाट में बाढ़ जैसे हालात हैं और लोनावला के पाटन गांव में बचाव कार्य जारी है.
मुंबई की लाइफलाइन माने जाने वाले ‘डब्बावालों’ ने विरार-वसई क्षेत्र में भारी जलभराव और ट्रेनों की लेटी-लतीफी को देखते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए अपनी सेवाएं आज के लिए पूरी तरह बंद रखी हैं. इसके साथ ही मुंबई यूनिवर्सिटी ने आज होने वाली अपनी सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. पालघर रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से भी रेल सेवा धीमी गति से चल रही है.
पिंपरी, उज्जैन और रुद्रप्रयाग में नदियां उफान पर (Weather Update Ujjaun Rudepryag)
- लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पवना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है, जिससे पिंपरी-चिंचवड़ के सुप्रसिद्ध मोरया गोसावी गणपति मंदिर के गर्भगृह और परिसर में पानी घुस गया है.
- मध्य प्रदेश के उज्जैन में लगातार हो रही तेज बारिश से शिप्रा नदी उफान पर है. नदी का बहाव तेज होने के कारण ऐतिहासिक रामघाट पूरी तरह जलमग्न हो गया है और घाट के पास स्थित कई छोटे-बड़े मंदिर पानी में डूब गए हैं.
- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में भारी बारिश के बाद अलकनंदा नदी खतरे के निशान के पास पहुंच गई है. जलस्तर बढ़ने से प्रसिद्ध नमामि घाट पूरी तरह पानी में डूब गया है, जिसके बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को नदी किनारों से दूर रहने की हिदायत दी है.
जम्मू-कश्मीर में आफत में फंसे लोग (Weather Update Jammu)
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के प्रेम नगर इलाके में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से जम्मू-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे (NH) पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है. नागरिक प्रशासन की टीमें जेसीबी मशीनों के साथ मलबा हटाकर किश्तवाड़ जाने वाले इस मुख्य मार्ग को बहाल करने में जुटी हैं.
जम्मू के सांबा जिले में लगातार हो रही बारिश से बसंतर नदी में अचानक भयानक बाढ़ आ गई. इस फ्लैश फ्लड के कारण नदी के बीचों-बीच 5 लोग फंस गए, जिन्हें बचाने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है.
कोटा में करंट का तांडव (Weather Update Kota)
राजस्थान के कोटा से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अनंतपुरा थाना क्षेत्र स्थित बरड़ा बस्ती में बारिश के दौरान बिजली का हाई-टेंशन तार टूटकर गिर गया. तार गिरने से सड़क और आसपास के कुछ मकानों के पानी में करंट फैल गया. इस हादसे में करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें अधिकांश नाबालिग बच्चे शामिल हैं. करंट से दो बेजुबान गोवंशों की भी तड़प-तड़प कर मौत हो गई. सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




