Muzaffarnagar Kanwar Yatra News: सावन शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक विवाद सामने आया है. पुरकाजी थाना क्षेत्र के पुरकाजी कस्बे में बुधवार शाम एक डग्गामार वाहन की कथित तौर पर कांवड़ से हल्की टक्कर लगने के बाद कुछ कांवड़ियों ने वाहन में तोड़फोड़ कर दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर की समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, हरिद्वार से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे कांवड़ियों के बीच से गुजरते समय एक डग्गामार वाहन की साइड कथित रूप से एक कांवड़ से छू गई. इसी बात को लेकर मौके पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई. कुछ लोगों ने गुस्से में वाहन को नुकसान पहुंचाया.
घटना की सूचना मिलते ही पुरकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और स्थिति को सामान्य किया. इसके बाद श्रद्धालु अपनी यात्रा पर आगे बढ़ गए. अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पुलिस के संज्ञान में आए हैं. इन वीडियो की जांच की जा रही है और हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि थाने में प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: कौन हैं वो मुस्लिम भक्त जिसकी मजार पर आज भी रुकती है भगवान जगन्नाथ की यात्रा? जानिए पूरी कहानी
एसपी सिटी ने कहा कि पुलिस प्रशासन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है. जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस बल लगातार तैनात है. उन्होंने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और प्रशासन का सहयोग करें.
पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली है. साथ ही कांवड़ के खंडित होने की भी पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
30 जुलाई से सावन मास शुरू होने वाला है. उससे पहले ही हरिद्वार से जल लेकर लाखों कांवड़िए मुजफ्फरनगर के रास्ते दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की ओर बढ़ रहे हैं. इसी कारण इस समय जिले में कांवड़ियों की संख्या काफी अधिक है और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है.
भारत एक्सप्रेस
इटावा में महज 500 रुपये की रंगदारी न देने पर कार सवार दबंगों ने दो…
दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने मुंबई और…
PERM Program Suspension: अमेरिका ने PERM प्रोग्राम से इंफोसिस, TCS, विप्रो, HCL, कॉग्निजेंट, माइक्रोसॉफ्ट और…
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में बीजेपी और आरएसएस…
India Mobile Congress 2026: इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी…
रांची के हरमू स्थित जनरल ए.एस. वैद्य चौक का नाम बदलने को लेकर बीजेपी और…