प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर नशा मुक्त भारत अभियान शुरू
Natural Therapy Day: नशे की लत से छुटकारा दिलाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्राकृतिक चिकित्सा और योग को बढ़ावा देने की पहल की गई है. प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के मौके पर आयुष मंत्रालय के सहयोग से INO-सूर्या फाउंडेशन ने ‘नशा मुक्त भारत राष्ट्रीय अभियान’ शुरू किया. इसके तहत देशभर में नशा मुक्ति को लेकर शिविर और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे. साथ ही प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के उपलक्ष्य में 5000 आरोग्य शिविर लगाने की भी घोषणा की गई.
नई दिल्ली के दीनदयाल शोध संस्थान (DRI) में ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ थीम के साथ 9वां प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय और राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के CEO डॉ. महेश कुमार दाधीच ने तुलसी के पौधे को पानी देकर किया.
इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सूर्या फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन अनंत बिरादार ने बताया कि पद्मश्री जयप्रकाश के मार्गदर्शन में देश के 30 राज्यों में 400 से ज्यादा जगहों पर प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए. उन्होंने बताया कि INO और सूर्या फाउंडेशन की टीम योग और नेचुरोपैथी के जरिए नशा मुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है.
इस अभियान के तहत 18 से 30 नवंबर तक प्राकृतिक चिकित्सा केंद्रों, योग केंद्रों और स्कूलों में नशा मुक्ति पर शिविर और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा युवाओं को जागरूक करने के लिए ‘कौन बनेगा स्वास्थ्य रक्षक’ (KBSR) ऑनलाइन प्रतियोगिता भी शुरू की गई है. इसमें 30 दिसंबर 2026 तक हिस्सा लिया जा सकता है.
अनंत बिरादार ने कहा कि नशे की लत के पीछे केवल शारीरिक निर्भरता नहीं होती, बल्कि तनाव, अवसाद, अकेलापन, पारिवारिक परेशानी और आर्थिक-सामाजिक हालात भी इसकी वजह बन सकते हैं. योग और प्राणायाम से मानसिक स्थिरता, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिल सकती है.
उन्होंने अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, ध्यान और शवासन जैसे अभ्यासों का जिक्र करते हुए कहा कि ये मानसिक शांति देने में मददगार हो सकते हैं. प्राकृतिक चिकित्सा में संतुलित भोजन, पर्याप्त पानी, नियमित व्यायाम, अच्छी नींद और व्यवस्थित दिनचर्या पर जोर दिया जाता है. उनके मुताबिक, ये तरीके नशा मुक्ति के इलाज के दौरान व्यक्ति की सेहत बेहतर बनाने में सहयोग कर सकते हैं.
कार्यक्रम के दौरान अनंत बिरादार ने आयुष मंत्रालय से नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (NCISM) एक्ट में योग-नेचुरोपैथी को शामिल करने और इसके प्रैक्टिशनर का रजिस्ट्रेशन शुरू करने की मांग भी की.
सूर्या फाउंडेशन के चेयरमैन पद्मश्री जयप्रकाश ने अपने संदेश में कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा का अभ्यास करने वाले डॉक्टरों को सबसे पहले इसे अपनी जिंदगी में अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि INO और सूर्या फाउंडेशन की टीम सरकार के साथ मिलकर योग-नेचुरोपैथी का ज्ञान और इसके फायदे लोगों तक पहुंचाने का काम कर रही है.
कार्यक्रम में डॉ. अशोक वार्ष्णेय ने प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों और अलग-अलग चिकित्सा पद्धतियों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया. वहीं, डॉ. महेश कुमार दाधीच ने प्राकृतिक चिकित्सा और औषधीय पौधों के महत्व के बारे में बताया.
ये भी पढ़ें- फुल Gen Z मोड में दिखे पीएम मोदी…! GTA 6 के क्रेज के बीच शेयर किया अपना रिपोर्ट कार्ड, जानें क्या लिखा?
इस मौके पर डॉ. अजय तिवारी और वैद्य रामआधार शर्मा की लिखी पुस्तक ‘Clinical Manual for Naturopathy’ का विमोचन किया गया. साथ ही INO के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम में तिहाड़ जेल अधीक्षक प्रमोद गुप्ता, अरुण योगी महाराज, डॉ. डी.एन. शर्मा, डॉ. पूनम आहूजा और योगाचार्य संजय शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे.
-भारत एक्सप्रेस
Adani Energy Solutions Bihar Project: अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने बिहार में 2,400 मेगावाट पीरपैंती थर्मल…
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ…
GMADA से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में ED ने वरिष्ठ IAS अधिकारी विकास गर्ग से…
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में निचली अदालत द्वारा आरोप तय किए जाने के खिलाफ बारामूला सांसद…
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट IRCTC होटल घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू…
Akhilesh Yadav: सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने दावा किया है कि 2027 के उत्तर प्रदेश…