Neemrana Fire Tragedy: राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र नीमराना से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. शनिवार की रात यहां मोहलाडिया गांव के बिचपुरी रोड पर स्थित एक कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग ने चार लोगों की जिंदगी लील ली. मरने वालों में एक 7 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है, जो आग की लपटों से बाहर नहीं निकल पाई. ये हादसा इतना भयानक था कि आग लगने के बाद गोदाम में एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
बताया जा रहा है कि जब गोदाम में आग लगी, तो अंदर काम कर रहे मजदूरों ने बाहर भागने की कोशिश की. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. गोदाम के मुख्य गेट पर एक ट्रक खड़ा था, जिसमें आग लग गई. जलते हुए ट्रक ने बाहर निकलने का इकलौता रास्ता बंद कर दिया.
अंदर फंसे मजदूर जान बचाने के लिए बगल की ऊंची दीवार फांदने की कोशिश करने लगे, लेकिन दीवार इतनी ऊंची थी कि वे उसे पार नहीं कर पाए और देखते ही देखते आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
इस गोदाम में भारी मात्रा में कबाड़ और इत्र की खाली बोतलें रखी हुई थीं. कांच और ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग ने पल भर में विकराल रूप ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास ही स्थित एक प्लास्टिक ग्रेन्यूल बनाने वाली फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गई.
वहीं, फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाकों ने आग में घी का काम किया, जिससे आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया और आसपास की बस्तियों में लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए.
हादसे की सूचना मिलते ही नीमराना, घिलोथ और जापानी जोन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कुछ और लोग भी अंदर फंसे हो सकते हैं.
मौके पर एसडीआरएफ और फोरेंसिक (FSL) की टीमें मौजूद हैं. शवों की हालत इतनी खराब है कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है, इसलिए अब डीएनए सैंपल के जरिए शिनाख्त की जाएगी.
अधिकारियों का कहना है कि गोदाम और बगल की फैक्ट्री में आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. अग्नि शमन उपकरणों का अभाव और सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस बड़े हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है.
फिलहाल दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है. जिला प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके.
ये भी पढ़ें: नासिक TCS विवाद: नशीला शीर खुरमा, काला जादू और धर्मांतरण की साजिश का खुलासा
-भारत एक्सप्रेस
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल से पहले सस्ती बसों, ऐप टैक्सियों और फ्री…
उमेश पाल ट्रिपल मर्डर केस के 5 लाख के इनामी आरोपी अरमान बिहारी को प्रयागराज…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन को भारत की समृद्ध विरासत और…
सोशल मीडिया पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के नाम से एक…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी…
दिल्ली हाई कोर्ट ने आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण की प्रक्रिया तेज करने के…