राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त करते कुमार मंगलम बिड़ला और एसएम कृष्णा
Padma Awards 2023: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृष्णा, जाने माने उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला, प्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर आदि को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया. दिग्गज शेयर बाजार निवेशक राकेश झुनझुनवाला को भी मरणोपरांत पद्मश्री दिया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एस एम कृष्णा को पद्म विभूषण प्रदान किया. वे कांग्रेस नीत संप्रग सरकार में विदेश मंत्री थे और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे. पद्म पुरस्कार सामाजिक कार्यों, कला, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, कारोबार एवं उद्योग, औषधि, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, लोक सेवा आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को दिया जाता है.
पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने वर्ष 2014 में सत्ता में आने के बाद समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गुमनाम हस्तियों को सम्मानित करने की पहल शुरू की थी. इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए बैगा चित्रकारी की जानी मानी कलाकार जोधया बाई बैगा, छत्तीसगढ़ की पंदवाली एवं पंथी कलाकार उषा बारले, केरल के जनजातीय किसान रमण चेरूवयाल को पद्मश्री प्रदान किया गया.
प्रसिद्ध मराठी लोकगीत लेखक डॉ. प्रभाकर भानुदास मांडे को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री से सम्मानित किया. खसरा महामारी के दौरान जारवा जनजाति को विलुप्त होने से बचाने के लिए रतन चंद्र कर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री से सम्मानित किया. थमाटे वाद्य यंत्र वादक नाडोजा पिंडीपापनहल्ली मुनिवेंकटप्पा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म श्री से सम्मानित किया.
गुजरात की माता नी पेचडी कला को बढ़ावा देने के लिए भानूभाई चुन्नी लाल चैतरा तथा संकुराथरी फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी संकुराथरी चंद्रशेखर को पद्म श्री प्रदान किया गया. राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पीएम नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अलावा गृह मंत्री अमित शाह एवं कई केंद्रीय मंत्री मौजूद थे.
जाने माने वास्तुकार बालकृष्ण दोशी (मरणोपरांत) को भी पद्म विभूषण प्रदान किया गया. कुमार मंगलम बिरला, प्रोफेसर कपिल कपूर, आध्यात्मिक नेता कमलेश पटेल और सुमन कल्याणपुर को पद्म भूषण प्रदान किया गया. कपिल कपूर जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में अंग्रेजी के प्रोफेसर रहे हैं. उन्हें उच्च शिक्षा के भारतीयकरण और उसे भारत की ज्ञान प्रणाली से जोड़ने की दिशा में प्रयासों के लिए जाना जाता है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 106 पद्म पुरस्कार प्रदान करने को मंजूरी दी थी. इनमें से 50 हस्तियों को बुधवार को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री प्रदान किये गये. पद्म पुरस्कर तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं जिसमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री शामिल हैं. वर्ष 2019 के बाद सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न किसी को प्रदान नहीं किया गया है.
-भारत एक्सप्रेस (एजेंसी इनपुट के साथ)
Jio Happy New Year Plan 399 unlimited 4G 5G data: रिलायंस जियो ने 'हैप्पी न्यू…
गृह मंत्री अमित शाह की दूरदर्शिता और मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है…
वर्ष 2026 भारत की अर्थव्यवस्था के लिए बड़े सुधारों, रिकॉर्ड निर्यात, बुनियादी ढांचे में निवेश…
मोदी सरकार की यह योजना मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई ऊंचाई…
प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत वाराणसी की श्रीसाई सिटी कॉलोनी में कई परिवारों का…
Allahabad High Court old age pension case UP government last chance: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने…