Saharsa Custodial Death Case
Saharsa Custodial Death Case: बिहार के सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में बंद एक आरोपी की मौत के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है. शौचालय जाने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. इस मामले में ड्यूटी के प्रति लापरवाही और हाजत के नियमों के पालन में प्रारंभिक चूक सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एक विशेष जांच टीम भी गठित की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला सौरबाजार थाना कांड संख्या 398/26 से जुड़ा है. प्रेम-प्रसंग से संबंधित इस प्रकरण में पुलिस ने अनमोल कुमार नामक अभियुक्त को गिरफ्तार किया था. बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब नौ बजे अभियुक्त शौचालय जाने के लिए थाना परिसर स्थित वॉशरूम गया था. इसी दौरान उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के क्रम में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में अभियुक्त खुद वॉशरूम के भीतर जाते हुए नजर आ रहा है. हालांकि, हिरासत के भीतर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में अभियुक्त अनमोल कुमार को सदर अस्पताल, सहरसा ले जाया गया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हिरासत में मौत के मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तय मानकों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग यानी एनएचआरसी की गाइडलाइन के अनुसार, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार कराया जा रहा है. इसके अलावा, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मेडिकल बोर्ड के जरिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
हिरासत में आरोपी की मौत और हाजत नियमों की अनदेखी को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाया है. प्रथम दृष्टया लापरवाही और कर्तव्यहीनता पाए जाने पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी, मामले के अनुसंधानकर्ता पीएसआई शिवानी कुमारी, ओडी पदाधिकारी एएसआई अनंत कुमार सिंह, सिपाही मुन्ना कुमार और ड्यूटी पर तैनात चौकीदार राजकिशोर शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन के साथ ही इन सभी को पुलिस केंद्र क्लोज कर दिया गया है.
घटना की हर पहलू से पड़ताल करने और तथ्यों को सामने लाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया है. यह टीम हिरासत में लिए जाने से लेकर वॉशरूम जाने और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों की भूमिका तक हर बिंदु की जांच करेगी. सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रजिस्टर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इस घटना के बाद सौरबाजार थाना और पूरे सहरसा पुलिस महकमे में हलचल तेज है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
भारत एक्सप्रेस
Controversial Statement Bangladesh: बांग्लादेश में जारी तनाव और सियासी हलचल के बीच 16 दिसंबर तक…
नीट-यूजी पेपर लीक मामले में आरोपी पीवी कुलकर्णी की जमानत याचिका पर राऊज एवेन्यू कोर्ट…
बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी से पहले उनकी…
Anant Singh's daughter's wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी आज लदमा गांव…
Shivangi Singh Mehendi Ceremony: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की मेहंदी रस्म…
NTPC Vacancy 2026: सरकारी कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड में फाइनेंस प्रोफेशनल्स के लिए मैनेजर और डिप्टी…