Shinde Shivsena Fight Mumbai: महाराष्ट्र की सत्ताधारी शिवसेना (शिंदे गुट) के भीतर चल रही अंदरूनी कलह अब सड़कों पर आ गई है. अभी डोंबिवली में एक नगरसेवक द्वारा डॉक्टर से मारपीट का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि मुंबई के घाटकोपर से पार्टी नेताओं के बीच सरेआम लात-घूंसे चलने की एक और शर्मनाक तस्वीर सामने आ गई है. दो बड़े नेताओं के बीच हुई इस हाथापाई का एक सीसीटीवी (CCTV) वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मुंबई के घाटकोपर में शिवसेना (शिंदे गुट) के नगरसेवक सुरेश आवले और विधानसभा प्रमुख यशवंत मोरे के बीच पार्टी में नई नियुक्तियों को लेकर विवाद हो गया. बहस इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें सुरेश आवले के कपड़े तक फट गए. इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. हालांकि, नेताओं ने इसे आंतरिक मामला बताकर पुलिस में शिकायत नहीं की है, लेकिन पार्टी की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर उजागर हो गई है.
शिवसेना (शिंदे गुट) के भीतर गुटबाजी और असंतोष का लावा अब फूटने लगा है. मामला मुंबई के घाटकोपर पूर्व इलाके का है, जहां वार्ड नंबर 125 के नगरसेवक सुरेश आवले और विधानसभा प्रमुख यशवंत मोरे के बीच तीखी बहस हो गई. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी संगठन में हाल ही में की गई कुछ नई नियुक्तियों को लेकर दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था. इसी खुन्नस को लेकर यशवंत मोरे, नगरसेवक सुरेश आवले से जवाब मांगने पहुंचे थे.
शुरुआत में तो दोनों के बीच सिर्फ तीखी नोकझोंक हो रही थी, लेकिन देखते ही देखते गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. बात इतनी बिगड़ी कि दोनों नेताओं ने सारी मर्यादाएं ताक पर रख दीं और एक-दूसरे पर टूट पड़े. बीच सड़क पर दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई. यह मारपीट इतनी हिंसक थी कि झगड़े के दौरान नगरसेवक सुरेश आवले के कपड़े तक फट गए. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को जिसने भी देखा, वह दंग रह गया.
सड़क पर हुए इस हंगामे के बाद यह पूरा मामला पंतनगर पुलिस थाने तक जा पहुंचा. पुलिस कार्रवाई करने ही वाली थी कि दोनों पक्षों को अपनी फजीहत का अहसास हुआ. इसके बाद दोनों नेताओं ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए पुलिस में कोई भी लिखित शिकायत दर्ज कराने से साफ इनकार कर दिया. मामला भले ही थाने में रफा-दफा हो गया हो, लेकिन इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद अब शिंदे गुट की किरकिरी पूरे महाराष्ट्र में हो रही है.
यह भी पढ़ें: वकील-दलील सब फेल, महिला का ‘तांत्रिक जुगाड़’ सुपरहिट; जज की कुर्सी को ही बना डाला काले जादू का अड्डा, देखें VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
इटावा में महज 500 रुपये की रंगदारी न देने पर कार सवार दबंगों ने दो…
दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने मुंबई और…
PERM Program Suspension: अमेरिका ने PERM प्रोग्राम से इंफोसिस, TCS, विप्रो, HCL, कॉग्निजेंट, माइक्रोसॉफ्ट और…
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में बीजेपी और आरएसएस…
India Mobile Congress 2026: इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी…
रांची के हरमू स्थित जनरल ए.एस. वैद्य चौक का नाम बदलने को लेकर बीजेपी और…