खेल

‘एंड ऑफ एन एरा’: अजिंक्य रहाणे के संन्यास के साथ खत्म हुआ भारत का ऐतिहासिक ‘स्लिप कॉर्डन’

India Test Slip Cordon: गुरुवार (30 जुलाई) का दिन क्रिकेट जगत के लिए एक युग का अंत हैं. वजह, क्रिकेट के जेंटलमैन कहे जाने वाले अजिंक्य रहाणे ने सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया (Ajinkya Rahane Retirement). अजिंक्य रहाणे के इस ऐलान के साथ ही भारतीय टेस्ट क्रिकेट के स्लिप कॉर्डन (Slip Cordon) का भी अंत हो गया. इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए रहाणे ने लिखा, ‘कैप नंबर 278, अब यहीं विराम. वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद. मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा.’

हालांकि, रहाणे के अलविदा कहते ही भारतीय टेस्ट क्रिकेट के ऐतिहासिक स्लिप कॉर्डन का भी अंत हो गया. आखिर क्या है यह स्लिप कॉर्डन और इसमें कौन-कौन शामिल था? आइए जानते हैं.

क्या है स्लिप कॉर्डन?

क्रिकेट में स्लिप कॉर्डन उन फील्डरों के समूह को कहा जाता है जो विकेटकीपर के बगल में स्लिप क्षेत्र में खड़े होकर तेज गेंदबाजों की गेंद पर बल्लेबाज के बल्ले का किनारा लगने पर कैच पकड़ने के लिए तैनात रहते हैं. टेस्ट क्रिकेट में यह सबसे महत्वपूर्ण फील्डिंग पोजिशनों में से एक मानी जाती है, जहां शानदार रिफ्लेक्स, एकाग्रता और बेहतरीन कैचिंग क्षमता की जरूरत होती है.

इन खिलाड़ियों का रहा दबदबा

भारतीय टेस्ट टीम का स्लिप कॉर्डन लंबे समय तक अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से सजा रहा. अजिंक्य रहाणे अपनी सुरक्षित कैचिंग और मजबूत तकनीक के लिए जाने जाते थे. विराट कोहली ने स्लिप में कई यादगार कैच लपके और अपनी फुर्ती से टीम को कई अहम सफलताएं दिलाईं. रोहित शर्मा ने भी महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतरीन कैच पकड़कर अपनी उपयोगिता साबित की, जबकि चेतेश्वर पुजारा अपनी एकाग्रता और भरोसेमंद फील्डिंग के कारण स्लिप कॉर्डन की मजबूत कड़ी रहे.

इस चौकड़ी ने भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा और मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाजों को इन खिलाड़ियों की भरोसेमंद स्लिप फील्डिंग का पूरा साथ मिला. बल्लेबाजों के बल्ले का हल्का सा किनारा भी अक्सर शानदार कैच में बदल जाता था, जिससे भारत को कई महत्वपूर्ण विकेट हासिल हुए.

‘एंड ऑफ एन एरा’

विदेशी दौरों पर इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी तेज और उछालभरी पिचों पर इस स्लिप कॉर्डन ने कई यादगार कैच पकड़े और भारत की ऐतिहासिक टेस्ट जीतों में महत्वपूर्ण योगदान दिया. यही वजह है कि क्रिकेट प्रशंसक और कई क्रिकेट संगठन इस चौकड़ी को भारतीय टेस्ट क्रिकेट के सबसे बेहतरीन स्लिप कॉर्डनों में गिनते हैं.

अब इन खिलाड़ियों के टेस्ट क्रिकेट से विदा लेने के साथ भारतीय क्रिकेट के इस सुनहरे स्लिप कॉर्डन का भी अंत माना जा रहा है. सोशल मीडिया पर कई क्रिकेट प्रेमियों और प्रशंसकों ने इसे भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक यादगार और सफल युग का समापन बताते हुए “एंड ऑफ एन एरा” (End of an Era) करार दिया है.


ये भी पढ़ें: ‘कैप 278 SIGN OFF’ अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट से लिया संन्यास, वीडियो शेयर कर साझा किया भावुक संदेश


स्लिप कॉर्डन हुआ समाप्त

भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक स्वर्णिम दौर का अंत मई 2025 से शुरू हुआ, जब टीम इंडिया के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहना शुरू किया. सबसे पहले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 7 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की. उन्होंने अपने करियर में भारत के लिए 61 टेस्ट मैच खेले. इसके कुछ ही दिनों बाद 12 मई 2025 को विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया. कोहली ने 123 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए खुद को देश के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल किया.

इसके बाद 24 अगस्त 2025 को टीम इंडिया की दीवार कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की. पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेले और लंबे समय तक मध्यक्रम की रीढ़ बने रहे. आखिरकार, 30 जुलाई 2026 को अजिंक्य रहाणे ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया.

रहाणे के इस फैसले के साथ ही रोहित शर्मा, विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की वह ऐतिहासिक चौकड़ी पूरी तरह क्रिकेट से विदा हो गई, जिसने वर्षों तक भारतीय टेस्ट टीम की बल्लेबाजी और स्लिप कॉर्डन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.

-भारत एक्सप्रेस

Sahil Singh

पढ़ने-लिखने से शुरू हुआ सफर खबरों तक ले गया. पत्रकारिता को करियर बनाने का एक मात्र उद्देश्य—पढ़ना, साथ ही नई-नई चीज़ों को जानने की जिज्ञासा रखना था. आज से पहले ‘आज तक’ चैनल, उसके बाद दायित्व वेबसाइट, और अब भारत एक्सप्रेस में बतौर सब-एडिटर की भूमिका निभा रहा हूं.

Recent Posts

जम्मू-कश्मीर में अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों पर एक्शन, 50 आरोपियों पर शिकंजा

जम्मू-कश्मीर में अवैध रूप से रह रहे और फर्जी कागजातों से भारतीय पहचान हासिल करने…

2 hours ago

अब पकड़ी जाएगी प्रदूषण की असली वजह, मोदी सरकार ने दिल्ली-एनसीआर में शुरू की एडवांस AATL लैब

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के असली स्रोतों की पहचान के लिए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र…

3 hours ago

‘जो ठाना वह करके दिखाया…’, गृह मंत्री अमित शाह की कार्यशैली पर बोले सांसद नरेश बंसल

भाजपा सांसद नरेश बंसल ने गृह मंत्री अमित शाह की प्रशंसा करते हुए कहा है…

3 hours ago

सावधान! 48 घंटे में आएगा चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’, इन 10 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी

IMD Weather Update: IMD ने बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट…

3 hours ago