Spain vs Belgium
Spain vs Belgium: फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. क्वार्टर फाइनल में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से मात दी. इस जीत के साथ स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार विश्व कप के अंतिम चार में जगह बनाई है. अब उसका अगला मुकाबला फ्रांस से होगा, जिसने पिछले विश्व कप में फाइनल तक का सफर तय किया था. ऐसे में फुटबॉल प्रशंसकों को एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा.
मैच की शुरुआत होते ही स्पेन ने आक्रामक तेवर दिखाने शुरू कर दिए. टीम लगातार गेंद पर कब्जा बनाए रखने और बेल्जियम की रक्षापंक्ति को तोड़ने की कोशिश करती रही. आखिरकार 30वें मिनट में उसकी मेहनत रंग लाई.
युवा स्टार लैमिन यामल ने शानदार रन बनाते हुए गेंद को आगे बढ़ाया, जिसके बाद पेड्रो पोरो ने बॉक्स के अंदर सटीक लो क्रॉस दिया. बेल्जियम के अनुभवी गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ ने डैनी ओल्मो का पहला प्रयास तो रोक लिया, लेकिन रिबाउंड पर फैबियन रुइज ने कोई गलती नहीं की और गेंद को गोल में पहुंचाकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी.
स्पेन की खुशी ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी. बेल्जियम ने पहले हाफ के खत्म होने से ठीक पहले शानदार जवाब दिया. 41वें मिनट में टिमोथी कास्टेग्ने ने दाएं छोर से बेहतरीन क्रॉस डाला, जिस पर चार्ल्स डी केटेलेयर ने दमदार हेडर लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया.
इस गोल के साथ स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन की लगातार छह क्लीन शीट का सिलसिला भी टूट गया. इतना ही नहीं, विश्व कप में लगातार 650 मिनट तक बिना गोल खाए खेलने का उनका प्रभावशाली रिकॉर्ड भी यहीं समाप्त हो गया.
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया. इसी दौरान 71वें मिनट में बेल्जियम को बड़ा झटका लगा, जब उसके स्टार गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ चोट के कारण मैदान छोड़ने को मजबूर हो गए. उनकी जगह युवा गोलकीपर सेने लैमेंस को उतारा गया.
कोर्टुआ के लिए यह विश्व कप का 21वां मुकाबला था. इसके साथ ही वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले गोलकीपरों की सूची में जर्मनी के मैनुअल न्यूएर के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए.
जब लग रहा था कि मुकाबला अतिरिक्त समय में जाएगा, तभी स्पेन के कोच का एक बदलाव निर्णायक साबित हुआ. 86वें मिनट में मिकेल मेरिनो को मैदान पर उतारा गया और महज दो मिनट बाद उन्होंने टीम के लिए जीत का गोल दाग दिया.
पाउ क्यूबार्सी ने दूर से जोरदार शॉट लगाया, जिसे बेल्जियम के नए गोलकीपर सेने लैमेंस पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके. गेंद उनके हाथों से फिसल गई और मौके का फायदा उठाते हुए मेरिनो ने उसे गोल में बदल दिया। इस गोल ने स्पेन को 2-1 की बढ़त दिला दी, जिसे टीम ने अंतिम सीटी तक बरकरार रखा. दिलचस्प बात यह रही कि मेरिनो लगातार दूसरे नॉकआउट मुकाबले में सुपर सब साबित हुए. इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल के खिलाफ भी उन्होंने अंतिम मिनटों में विजयी गोल करके स्पेन को आगे पहुंचाया था.
ये भी पढ़ें: FIFA World Cup: एम्बाप्पे का कमाल, फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 हराया; सेमीफाइनल का टिकट किया पक्का
इस शानदार जीत के बाद स्पेन का आत्मविश्वास काफी ऊंचा होगा. 16 साल बाद विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची स्पेनिश टीम अब फ्रांस जैसी मजबूत टीम से भिड़ेगी. दोनों टीमों के पास स्टार खिलाड़ियों की भरमार है, इसलिए यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक माना जा रहा है. फुटबॉल प्रेमियों की नजरें अब इसी बहुप्रतीक्षित सेमीफाइनल पर टिकी रहेंगी.
-भारत एक्सप्रेस
Varanasi News: पीएम मोदी ने वाराणसी के मिर्जामुराद में गारमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन किया. 1000…
Near Death Experience Story: ड्रग्स के ओवरडोज के बाद 19 साल के युवक की सांसें…
Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने हर्ष विहार में छापेमारी कर 5 करोड़ कीमत के 161…
PM Modi Kashi welcome: वाराणसी में पीएम नरेंद्र मोदी के स्वागत में सड़कों पर भारी…
Gopalganj Hotel Murder Case: बिहार के गोपालगंज स्थित होटल राजीव रीजेंसी में बर्थडे पार्टी के…
MP News: कम बारिश के कारण बढ़ते जल संकट के बीच मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने उज्जैनी…