यूपी में 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट
UP Voter List: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR) की तैयारियों की समीक्षा की है. इसके तहत 17 नवंबर को आलेख्य यानी ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. इसके बाद 16 दिसंबर तक लोग नाम जुड़वाने, कटवाने और विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे.
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी प्रदेश में नए और छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने के लिए एक महीने का अभियान चलाने का फैसला किया है. यह अभियान 19 नवंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी. इस दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा.
मतदाताओं की सुविधा के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे. इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे और लोगों से आवेदन प्राप्त करेंगे.
दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु के करीब 16 से 17 करोड़ नागरिक हैं, जबकि मतदाता सूची में अभी 13.56 करोड़ नाम दर्ज हैं. प्रदेश में पात्र नागरिकों के मतदाता पंजीकरण का अनुमानित अनुपात करीब 84 फीसदी है.
गाजियाबाद में वर्तमान में 23 लाख से अधिक मतदाता दर्ज हैं. वहीं, करीब 10 लाख पात्र नागरिकों के मतदाता सूची से बाहर होने का अनुमान जताया गया है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों, RWA और शिक्षण संस्थानों का सहयोग लेने की बात कही है. ‘Whole of Government, Whole of Society’ की अवधारणा के तहत अभियान चलाकर सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपना और परिवार के सभी सदस्यों का नाम जरूर जांच लें. अभियान का मकसद है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूट न जाए.
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची को लेकर दावा किया है कि यूपी में एक करोड़ 27 लाख हिंदू वोटर कम हो गए हैं. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हर हाल में हटाए जाने चाहिए.
सीएम योगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि कोई भी फर्स्ट टाइम वोटर मतदाता बनने से छूटना नहीं चाहिए. जिन बेटियों की शादी हो चुकी है और उनका नाम मायके की सूची से कट गया है, लेकिन ससुराल की सूची में नहीं जुड़ा है, उनका नाम भी दर्ज कराया जाए. 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने पर भी ध्यान दिया जाए.
ये भी पढ़ें- महिला पुलिस की तैनाती, चेंजिंग रूम और निर्बाध बिजली! छठ व्रतियों के लिए सीएम योगी ने खोल दिया पिटारा
उन्होंने कहा है कि जिन लोगों के नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि वे विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल हों. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग घुसपैठियों की तरह मतदाता सूची में शामिल हो गए हैं. ऐसे नामों को हटाने की जरूरत है.
-भारत एक्सप्रेस
Ola Cabs CCPA Fine: ओला कैब्स की मूल कंपनी ANI Technologies पर ग्राहकों को जल्दी…
दिल्ली हाई कोर्ट ने यूजीसी-नेट जून 2026 की आंसर-की में कथित गड़बड़ी के मामले में…
महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में CBI ने छह राज्यों के 33 ठिकानों पर एक…
उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के दौरान करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के…
Rakesh Asthana Statement: 2002 के गोधरा साबरमती ट्रेन अग्निकांड पर SIT के तत्कालीन प्रमुख राकेश…
Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर को सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य दिया…