देश

बाल दिवस पर बच्चों का संदेश, मोबाइल छोड़ खेल-कूद और संगीत को दें समय; जानिए छात्राओं ने क्या कहा

Children’s Day Celebration: बाल दिवस के मौके पर नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित पुष्कला संगीत केंद्र की छात्राओं ने अपने विचार साझा किए. किसी ने मोबाइल और असली जिंदगी के बीच संतुलन बनाने की बात कही, तो किसी ने बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को जरूरी बताया. छात्राओं का मानना है कि बचपन सिर्फ मोबाइल स्क्रीन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे खेल, संगीत, परिवार और दोस्तों के साथ जीना चाहिए. वर्ष 2015 में स्नेहा मुखर्जी ने पुष्कला संगीत केंद्र की स्थापना की थी. यह संस्थान प्रयाग संगीत समिति, प्रयागराज से मान्यता प्राप्त है. लखनऊ घराने की कथक नृत्यांगना स्नेहा मुखर्जी के मार्गदर्शन में यहां बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को कथक, गायन और वादन की शिक्षा दी जाती है.

केंद्र का उद्देश्य ‘सभी के जीवन को संगीतमय बनाना’ है. संस्थान का मानना है कि संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि मन को शांत रखने, भावनाओं को व्यक्त करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी माध्यम है. बाल दिवस पर यहां की छात्राओं ने मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल, बचपन, शिक्षा और कला के महत्व पर अपनी बात रखी.

रूही जैसवाल: मोबाइल और असली जिंदगी में संतुलन जरूरी

कक्षा 8 की छात्रा रूही जैसवाल पुष्कला संगीत केंद्र में स्नेहा मुखर्जी से कथक सीख रही हैं. उनका कहना है कि आजकल बच्चे मोबाइल और वीडियो गेम में काफी समय बिताते हैं. उन्होंने कहा कि मोबाइल ज्ञान हासिल करने का अच्छा साधन है, लेकिन इसका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल ठीक नहीं है. रूही के मुताबिक, बच्चों को मोबाइल और असली जिंदगी के बीच संतुलन बनाना चाहिए. असली खुशी स्क्रीन पर नहीं, बल्कि दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताने में मिलती है.

नविशा द्विवेदी: बच्चों को खेल और कला के लिए मिले ज्यादा समय

कक्षा 6 की छात्रा नविशा द्विवेदी भी पुष्कला संगीत केंद्र में नृत्य सीखती हैं. उनके मुताबिक, बाल दिवस सिर्फ जश्न मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह बच्चों की मासूमियत, जिज्ञासा और अधिकारों को याद करने का अवसर भी है. उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित, आनंदमय और प्रेरक माहौल मिलना चाहिए. नविशा का मानना है कि एक दिन मोबाइल के बिना रहना शुरुआत में थोड़ा बोरिंग लग सकता है, लेकिन बाद में बच्चे बाहर खेलने, किताबें पढ़ने और परिवार व दोस्तों के साथ समय बिताने का आनंद ले सकते हैं. उन्होंने बच्चों के लिए सुरक्षित पार्क बनाने, पढ़ाई का दबाव कम करने और खेल व कला जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की जरूरत भी बताई.

वाणी: हर बच्चे को शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर मिले

पुष्कला संगीत केंद्र की छात्रा वाणी स्नेहा मुखर्जी के मार्गदर्शन में कथक का प्रशिक्षण ले रही हैं. उनका कहना है कि बाल दिवस बच्चों के जीवन में खुशियां, सपने और नई उमंग लेकर आता है. वाणी समाज में ऐसा बदलाव चाहती हैं, जहां कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी को सम्मान मिले. उन्होंने कहा कि अगर उनका फोन ले लिया जाए तो शुरुआत में उन्हें खालीपन और बोरियत महसूस होगी, लेकिन इसके बाद वह परिवार और दोस्तों के साथ ज्यादा समय बिताएंगी. उनके मुताबिक, फोन से मनोरंजन और जानकारी मिलती है, लेकिन बिना फोन के प्रकृति, खेल और किताबों से जुड़ने का मौका मिलता है. वाणी का संदेश है कि बचपन को मोबाइल में नहीं, बल्कि खुशियों, खेल और अच्छे संस्कारों के साथ जीना चाहिए.

अविका अरोड़ा: बच्चों को संगीत और दूसरी रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ें

कक्षा 5 की छात्रा अविका अरोड़ा पिछले कई वर्षों से पुष्कला संगीत केंद्र में गुरु स्नेहा मुखर्जी के मार्गदर्शन में कथक सीख रही हैं. उन्हें कथक में हाथ, पैर और चेहरे के भावों का तालमेल बेहद पसंद है. अविका इस नृत्य कला में और बेहतर होना चाहती हैं. बाल दिवस पर उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को सलाह दी कि दिनभर में मोबाइल और टीवी देखने का समय तय होना चाहिए. बच्चों को पेंटिंग, संगीत, बागवानी, खाना बनाने में मदद करने और लूडो-शतरंज जैसे खेलों में शामिल करना चाहिए.

अविका का कहना है कि बच्चों को खाली समय में नृत्य और संगीत जैसी कलाएं सीखने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए. इसके साथ ही उन्हें पार्क ले जाकर साइकिलिंग, क्रिकेट और दूसरे शारीरिक खेलों के लिए प्रेरित करना चाहिए. इससे बच्चे खुश रहेंगे और शारीरिक रूप से भी स्वस्थ बनेंगे. बाल दिवस पर पुष्कला संगीत केंद्र की छात्राओं के विचार यही संदेश देते हैं कि बच्चों के बेहतर विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल, कला, संगीत और परिवार के साथ बिताया गया समय भी जरूरी है.

भारत एक्सप्रेस

Swati Pandey

Recent Posts

गुरु गोबिंद सिंह जी के ज्योति ज्योत दिवस पर गृह मंत्री अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु गोबिंद सिंह के ज्योति ज्योत दिवस पर उन्हें…

8 minutes ago

गोधरा कांड पर फिर छिड़ी बहस, पूर्व SIT प्रमुख बोले- जांच में मिले थे साजिश के सबूत

Rakesh Asthana Godhra: सोनिया गांधी की किताब में गोधरा कांड को लेकर किए गए जिक्र…

16 minutes ago

यूपी में मतदाता सूची को लेकर सियासी हलचल तेज, 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट; BJP चलाएगी अभियान

UP Voter List: उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी. 16…

47 minutes ago

Ola पर CCPA का बड़ा एक्शन, ग्राहकों को टिप देने के लिए उकसाने पर लगा 10 लाख रुपये का जुर्माना

Ola Cabs CCPA Fine: ओला कैब्स की मूल कंपनी ANI Technologies पर ग्राहकों को जल्दी…

47 minutes ago

UGC-NET जून 2026 आंसर-की विवाद पर दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला! 4 सवालों की दोबारा होगी जांच

दिल्ली हाई कोर्ट ने यूजीसी-नेट जून 2026 की आंसर-की में कथित गड़बड़ी के मामले में…

54 minutes ago