मनोरंजन

‘जय सोमनाथ’ का ऐलान: सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक गाथा पर बनेगी मेगा फिल्म, इस दिन होगी रिलीज

Jai Somnath Movie: संजय लीला भंसाली और केतन मेहता जैसे दिग्गज फिल्ममेकर एक बड़े ऐतिहासिक प्रोजेक्ट के लिए साथ आए हैं. दोनों निर्देशक फिल्म ‘जय सोमनाथ’ के जरिए भारतीय संस्कृति और सभ्यता की समृद्ध विरासत को बड़े पर्दे पर जीवंत करने की तैयारी में हैं. यह फिल्म इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को भव्य सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत करेगी.

फिल्म 2027 होगी रिलीज

फिल्म का निर्माण भंसाली प्रोडक्शंस और केतन मेहता की प्रोडक्शन कंपनी माया मूवीज के बैनर तले किया जा रहा है. इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में केतन मेहता लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि संजय लीला भंसाली इसके निर्माण से जुड़े हैं. अपने भव्य सेट्स और ऐतिहासिक विषयों पर मजबूत पकड़ के लिए पहचाने जाने वाले इन दोनों फिल्मकारों की जोड़ी से दर्शकों को एक शानदार पीरियड ड्रामा की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि ‘जय सोमनाथ’ साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है.

फिल्म कहानी क्या है?

फिल्म की कहानी दर्शकों को 1025-1026 ईस्वी के उस दौर में ले जाएगी, जब महमूद गजनी ने गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण कर उसे लूटा था. यह घटना भारतीय इतिहास के सबसे चर्चित और संवेदनशील अध्यायों में से एक मानी जाती है. फिल्म में न सिर्फ उस हमले की पृष्ठभूमि दिखाई जाएगी, बल्कि विनाश के बाद पुनर्निर्माण और आस्था की अटूट शक्ति को भी प्रमुखता से दर्शाया जाएगा.

क्यों खास है यह प्रोजेक्ट?

फिल्म ‘जय सोमनाथ’ संजय लीला भंसाली और केतन मेहता के लिए सिर्फ एक ऐतिहासिक फिल्म नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी बेहद खास प्रोजेक्ट माना जा रहा है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि दोनों ही फिल्ममेकर गुजरात से जुड़े हैं और सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को गहराई से समझते हैं. ऐसे में यह विषय उनके लिए केवल कहानी नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अध्याय है.


ये भी पढ़ें: शाहिद-विशाल की जोड़ी का फिर चला जादू? ‘O Romeo’ ने बॉक्स ऑफिस पर की दमदार शुरुआत


‘जय सोमनाथ’ के माध्यम से सोमनाथ मंदिर की गौरवगाथा, उसके सांस्कृतिक महत्व और भारतीय समाज की दृढ़ता को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करने की योजना है. इतिहास, आस्था और संघर्ष की इस कहानी को लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता देखी जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस

Sahil Singh

पढ़ने-लिखने से शुरू हुआ सफर खबरों तक ले गया. पत्रकारिता को करियर बनाने का एक मात्र उद्देश्य—पढ़ना, साथ ही नई-नई चीज़ों को जानने की जिज्ञासा रखना था. आज से पहले ‘आज तक’ चैनल, उसके बाद दायित्व वेबसाइट, और अब भारत एक्सप्रेस में बतौर सब-एडिटर की भूमिका निभा रहा हूं.

Recent Posts