AI IMAGE
आज 2 मई है और अगर आप दिल्ली-एनसीआर में खिड़की से बाहर देख रहे हैं, तो मौसम आपको थोड़ा कंफ्यूज कर सकता है. पिछले दो दिनों से आसमान से बरसी राहत की बूंदों और ओलों ने जो ठंडक घोली थी, वह आज थोड़ी कम होती दिख रही है. दिल्लीवालों को आज फिर से पसीने वाली गर्मी और तेज धूप का सामना करना पड़ेगा. लेकिन रुकिए, निराश होने की जरूरत नहीं है क्योंकि मौसम विभाग ने कल यानी संडे के लिए एक बहुत बड़ी ‘गुड न्यूज’ एडवांस में ही दे दी है.
राजधानी में गुरुवार और शुक्रवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि ने पारे को काफी नीचे गिरा दिया था. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम था. लेकिन आज यानी शनिवार को सूरज फिर से अपनी तेवर दिखाने के मूड में है. आज पारा उछलकर 40 डिग्री तक जा सकता है और दोपहर में गर्म हवाएं आपको परेशान कर सकती हैं. मौसम विभाग ने अलर्ट किया है कि आज भले ही बादल दिखें, लेकिन वे बारिश नहीं लाएंगे, बस उमस बढ़ा सकते हैं.
हालांकि, असली मजा कल से शुरू होगा. 3 मई यानी रविवार से 5 मई तक दिल्ली-एनसीआर में फिर से बादलों का डेरा होगा और झमाझम बारिश की संभावना है. यानी आपका वीकेंड ‘कूल-कूल’ गुजरने वाला है. इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है.
उत्तर प्रदेश में आज मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने वाला है. मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा के लोगों को आज तेज धूप झेलनी पड़ सकती है. लेकिन पश्चिमी यूपी में कल से मौसम फिर यू-टर्न लेगा. 4 और 5 मई को यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.
वहीं बिहार की बात करें तो यहां मौसम का मिजाज थोड़ा अलग है. जहां कुछ जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली जैसे जिलों के लिए राहत की खबर है. यहां आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तपिश में थोड़ी कमी आएगी.
एमपी में तो मौसम ने गजब का यू-टर्न लिया है. जबलपुर से लेकर ग्वालियर तक, प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर चल रहा है. मौसम विभाग ने आज यानी 2 मई को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया और जबलपुर समेत 21 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं.
चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मई की शुरुआत में ही यह जो असामान्य मौसम दिख रहा है, उसने गर्मी से राहत तो दी है लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा दी है. भोपाल और इंदौर में फिलहाल गर्मी है, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
राजस्थान में भी आज कई जिलों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर ओले गिरने के भी आसार हैं. उधर, अगर आप उत्तर भारत के पहाड़ों यानी जम्मू-कश्मीर, हिमाचल या उत्तराखंड घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो पैकिंग में गर्म कपड़े जरूर रख लें. यहां 7 मई तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा, जिससे मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाएं पहुंचती रहेंगी.
पूर्वोत्तर भारत में तो मानों मानसून ने पहले ही दस्तक दे दी है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है. दक्षिण में केरल और तमिलनाडु में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है.
वहीं, मौसम में हो रहे इस उतार-चढ़ाव के बीच अपनी सेहत का खास ख्याल रखें. दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें. संडे की बारिश भले ही सुहावनी लगे, लेकिन उमस की वजह से डिहाइड्रेशन का खतरा रहता है, इसलिए पानी और नारियल पानी का खूब सेवन करें.
ये भी पढ़ें: बंगाल में खेला अभी बाकी!..डायमंड हार्बर और मगराहाट वेस्ट के 15 बूथों पर आज क्यों हो रही है दोबारा वोटिंग?
-भारत एक्सप्रेस
Tomato Price Crash in Maharashtra: महाराष्ट्र की पिंपलगांव एपीएमसी मंडी में टमाटर की बंपर आवक…
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही श्रद्धा दुबे…
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को 'रिफाइनिंग महाशक्ति' बताते हुए ऊर्जा क्षेत्र में…
Khargone Jail Escape Accused Arrested: खरगोन जिला जेल से फरार हुए पॉक्सो एक्ट के सजायाफ्ता…
BJP Yuva Morcha: भारतीय जनता पार्टी ने युवा मोर्चा की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा…
नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने करियर की शुरुआत ‘स्ट्रोकलेस वंडर’ की छवि के साथ की…