महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया. देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आंतरिक व बाहरी चुनौतियों से निपटने में उनके लंबे योगदान को देखते हुए यह पुरस्कार दिया गया.
समारोह के दौरान अजीत डोभाल के कार्यों की जमकर सराहना हुई. उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े कई अहम फैसलों में उनकी रणनीतिक सोच और अनुभव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया.
पुणे में हुए इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, लोकमान्य तिलक ट्रस्ट के ट्रस्टी रोहित तिलक समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं. बड़ी संख्या में लोग भी समारोह का हिस्सा बने. पूरे कार्यक्रम में लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के राष्ट्रसेवा और देशहित के विचारों को याद किया गया.
81 वर्षीय अजीत डोभाल वर्तमान में भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं. अपने करियर के दौरान उन्होंने देश के कई संवेदनशील क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. मिजोरम, सिक्किम, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे इलाकों में उनके काम का अनुभव काफी व्यापक रहा है.
डोभाल ने विदेशों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है. इस्लामाबाद और लंदन स्थित भारतीय मिशनों में उनकी भूमिका अहम रही. इसके अलावा वह भारत-चीन सीमा वार्ता के लिए भारत के विशेष प्रतिनिधि भी रह चुके हैं. साल 2017 में डोकलाम विवाद के दौरान कूटनीतिक स्तर पर समाधान निकालने में उनकी भूमिका को काफी महत्वपूर्ण माना गया था.
लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड की शुरुआत वर्ष 1983 में महाराष्ट्र मंडल, पुणे की ओर से की गई थी. हर साल 1 अगस्त को लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि के अवसर पर यह पुरस्कार उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने देश के विकास, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया हो.
इस पुरस्कार की शुरुआत समाजवादी नेता एसएम जोशी को सम्मानित करके हुई थी. इसके बाद कई बड़ी हस्तियों को यह सम्मान मिल चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, मनमोहन सिंह और इंदिरा गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तथा एनसीपी नेता शरद पवार जैसी प्रमुख हस्तियां भी इस पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं.
-भारत एक्सप्रेस
Sant Ishwar Samman 2026 Delhi: दिल्ली के मावलंकर हॉल में संत ईश्वर सम्मान 2026 आयोजित.…
पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रदेश…
गांधी जयंती पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने 'धारावी एक्सपीरियंस सेंटर' का उद्घाटन किया. 22,500 वर्ग…
भोपाल के बीएचईएल मैदान में 3 से 7 अक्टूबर तक नवीन न्याय संहिताओं पर प्रदर्शनी…
India vs Brazil Football Match Kolkata: कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में भारत और ब्राजील…
Premanand Maharaj Ashram: वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के श्री राधा केली कुंज आश्रम से…