AN 32 Aircraft Crash
AN 32 Aircraft Crash: राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के नावा उपखंड स्थित पांचोता गांव के लिए शनिवार का दिन गहरे शोक का संदेश लेकर आया. भारतीय वायुसेना के AN-32 परिवहन विमान के असम के जोरहाट एयरबेस पर दुर्घटनाग्रस्त होने से गांव के वीर सपूत अग्निवीर वायु सैनिक खेमाराम कुमावत शहीद हो गए. हादसे में कुल पांच वायुसेना कर्मियों की मृत्यु हुई, जबकि सह-पायलट घायल अवस्था में बच गया है.
जानकारी के अनुसार भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान जोरहाट स्थित रौरिया एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया. प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक विमान में आग लग गई और वह गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद एयरबेस पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया. वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश जारी किए हैं.
शहीद खेमाराम कुमावत एक साधारण किसान परिवार से आते थे. परिवार में वृद्ध माता-पिता, दो बड़े भाई और एक छोटी बहन हैं. परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर कई सपने संजो रखे थे. परिजन उनके विवाह की तैयारियों पर भी विचार कर रहे थे, लेकिन शहादत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
जैसे ही खेमाराम की शहादत की सूचना पांचोता गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. परिजन और प्रशासनिक अधिकारी पार्थिव शरीर के राजस्थान पहुंचने की प्रतीक्षा कर रहे हैं.
वायुसेना द्वारा जारी जानकारी के अनुसार हादसे में शहीद होने वालों में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, कौन थे वो 5 जवान जो हुए शहीद?
खेमाराम की शहादत से नावा क्षेत्र ने देश सेवा में अपना एक और वीर सपूत खो दिया है. गांव में मातम पसरा है, लेकिन अपने लाल की देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने पर लोगों की आंखों में गर्व भी साफ झलक रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
हेमचन्द्र विक्रमादित्य, जिन्हें इतिहास में हेमू के नाम से भी जाना जाता है, 16वीं सदी…
UP News: मेरठ के चर्चित सांप कांड में अदालत ने अमित की पत्नी रविता और…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जन्मदिन के अवसर पर शिवसेना…
Delhi News: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत गिरने से हड़कंप मच गया.…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर उनकी राजनीतिक यात्रा…
भारतीय सेना ने 17,500 फीट की ऊंचाई पर सफल ट्रायल के बाद 225 FPV ड्रोन…