Bharat Express DD Free Dish

जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, कौन थे वो 5 जवान जो हुए शहीद?

Jorhat Plane Crash: असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का एक AN-32 ट्रांसपोर्ट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दर्दनाक हादसे में वायुसेना के पांच जवान शहीद हो गए हैं.

Jorhat Plane Crash

Jorhat Plane Crash

Jorhat Plane Crash: असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का एक AN-32 ट्रांसपोर्ट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दर्दनाक हादसे में वायुसेना के पांच जवान शहीद हो गए हैं. भारतीय वायुसेना ने आधिकारिक तौर पर जवानों की शहादत की पुष्टि की है.

शहीद होने वाले जवानों में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम शामिल हैं. हादसा शनिवार को जोरहाट एयरबेस के भीतर हुआ.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, AN-32 विमान उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या का शिकार होकर एयरबेस परिसर में ही गिर गया. विमान के जमीन पर गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई. घटना के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में विमान दो हिस्सों में टूटा हुआ दिखाई दिया.

हादसे की जांच के आदेश

वायुसेना की आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में विमान का को-पायलट बच गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं. जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी.

वायुसेना ने जताया शोक

भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि जोरहाट में AN-32 विमान दुर्घटना में अपने पांच कर्मियों को खोने का उसे गहरा दुख है. वायुसेना ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है.

वायुसेना ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह उनके साथ मजबूती से खड़ी है.

क्या है AN-32 विमान?

AN-32 भारतीय वायुसेना का प्रमुख परिवहन विमान है, जिसका उपयोग सैनिकों, हथियारों और अन्य जरूरी सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जाता है. भारतीय वायुसेना के बेड़े में इस श्रेणी के करीब 100 विमान शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- असम में बड़ा विमान हादसा: जोरहाट एयरबेस पर क्रैश हुआ IAF का AN-32

यह विमान खास तौर पर ऊंचे पहाड़ी इलाकों और गर्म मौसम में बेहतर प्रदर्शन के लिए जाना जाता है. AN-32 एक बार में करीब 6 से 7 टन तक सामान और 40 से 50 जवानों को ले जाने की क्षमता रखता है. कठिन परिस्थितियों में भी संचालन की क्षमता के कारण यह विमान वायुसेना के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read